प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, 4 की मौत और 20 दबे; 1 किमी तक फैली जहरीली अमोनिया गैस

Phaphamau Blast: हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। करीब 1 किलोमीटर तक गैस की बदबू फैल चुकी है। ज्यादातर लोग मुंह पर कपड़ा रुमाल या गमछा बांधे हुए हैं।
phaphamau cold storage blast
घटनास्थल की तस्वीर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Prayagraj Cold Storage Blast: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोल्ड स्टोरेज की एक बिल्डिंग ढह गई। मलबे में करीब 20 मजदूर दब गए। प्रशासन 5 जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर हैं। अब तक 9 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है। जिसमें से 4 लोगों के मौत की बात कही जा रही है। हालांकि, प्रशासन ने अभी मौतों की पुष्टि नहीं की है।

हादसे के बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। करीब 1 किलोमीटर तक गैस की बदबू फैल चुकी है। ज्यादातर लोग मुंह पर कपड़ा (रुमाल, गमछा) बांधे हुए हैं। हादसा फाफामऊ इलाके में हुआ। घटना को लेकर लोग गुस्से में हैं। पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले कोल्ड स्टोरेज में धमाका हुआ, फिर बिल्डिंग भरभराकर गिर गई।

सपा नेता के नाम पर है बिल्डिंग

आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम से यह बिल्डिंग सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद की है। कोल्ड स्टोरेज करीब 5 हजार स्क्वायर फीट जमीन पर बना है। इसका करीब 1500 स्क्वायर फीट का हिस्सा ढहा है। यहां 100 से ज्यादा लोग काम करते हैं। पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर और अंसार अहमद के परिवार के कई सदस्यों को हिरासत में लिया है।

घटना पर प्रयागराज डीएम का बयान

घटना के बारे में जानकारी देते हुए प्रयागराज डीएम मनीष वर्मा ने बताया कि अभी तक आठ लोगों को अस्पताल भेजा गया है। इनमें एक की हालत गंभीर है और उसे एसआरएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। राहत कार्य चल रहा है। रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही घायलों और मृतकों की सही संख्या बताई जा सकेगी। हादसे की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी।

5 शव मिलने का मजदूर का दावा

कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले एक मजदूर ने बताया कि हमने मलबे से 6 लोगों को निकाला। इसमें से 5 लाशें थीं। 3 लाश पुलिसवाले लेकर चले गए। हालांकि, प्रशासन ने अब तक हादसे में एक भी मौत की पुष्टि नहीं की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com