अवैध कोचिंग सेंटरों पर पीडीए का शिकंजा: प्रयागराज में 400 से अधिक संस्थान रडार पर; 10 सील, 20 को नोटिस

Prayagraj Coaching Centres: लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बाद प्रयागराज में पीडीए ने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 10 कोचिंग सेंटर सील कर दिए हैं। 20 अन्य संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है।
After Lucknow Fire Tragedy, Prayagraj Seals 10 Coaching Centres; 20 Served Notices Over Safety Violations
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Prayagraj Development Authority Action On Coaching Centres: लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रयागराज में भी अवैध रूप से संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है।

पिछले पांच दिनों में पीडीए ने 10 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है, जबकि 20 अन्य संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया है। शहर के 400 से अधिक कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी अब पीडीए की जांच के दायरे में हैं।

बिना आवश्यक अनुमति और निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे कोचिंग संस्थान

पीडीए अधिकारियों के अनुसार, बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान बिना आवश्यक अनुमति और निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं। कई संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली, वहीं पार्किंग, आपातकालीन निकासी मार्ग और अन्य सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे संस्थानों को चिह्नित कर उनके खिलाफ चरणबद्ध कार्रवाई की जा रही है।

11 संस्थानों में गंभीर खामियां

पीडीए और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के 20 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 11 संस्थानों में गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके बाद उन्हें नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर सभी कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर संबंधित संस्थानों को सील करने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

छात्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी और बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी। संस्थानों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

पीडीए सचिव विनीत कुमार सिंह ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कोचिंग सेंटर या लाइब्रेरी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com