पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव, ससुर ने दी मुखाग्नि, अंतिम विदाई में एक हुआ पूरा 'यादव कुनबा'

Prateek Yadav Last Rites Lucknow: बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी।
Pratik Yadav merges with the five elements; his father-in-law lights the funeral pyre as the entire 'Yadav clan' unites for the final farewell.
प्रतीक यादव मुखाग्नि (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Yadav Family Unity At Prateek Yadav Funeral: दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के दूसरे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव आज पंचतत्व में विलीन हो गए। लखनऊ के बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। दुख की इस घड़ी में पूरा यादव कुनबा अपने पुराने मतभेदों को भुलाकर एक साथ नजर आया।

इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव समेत परिवार के सदस्य सांसद डिंपल यादव और उनकी बेटियों भी मौजूद रहीं। प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा में पारिवार एकजुट दिखा। परिवार की भावुक तस्वीर भी देखने को मिली।

समर्थकों की भारी भीड़

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे व भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन से उत्तर प्रदेश की राजनीति और यादव परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके आवास से ले जाया गया, जहां परिवार, रिश्तेदारों, समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की भारी भीड़ उमड़ी। उनके पार्थिव शरीर को धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव ने कंधा दिया। शव वाहन में अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियां और धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव मौजूद रहे।

शुभचिंतकों ने दी श्रद्धांजलि

प्रतीक यादव के असामयिक निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद डिंपल यादव भावुक नजर आईं। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

जांच की मांग

इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। जब मुझे इस घटना की जानकारी मिली तो मैं स्तब्ध रह गया।

यदि किसी प्रकार की साजिश या गलत घटना हुई है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। पोस्टमार्टम में चोट के तीन पुराने निशानों का उल्लेख गंभीर चिंता का विषय है।

'पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ'

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, उनका अचानक इस तरह चले जाना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, इतनी कम उम्र में किसी का दुनिया छोड़ देना बेहद हृदयविदारक है। यह सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए दुखद क्षण है। ईश्वर परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।

Navbharat Live
navbharatlive.com