आज पंचतत्व में विलीन होंगे प्रतीक यादव, अपर्णा यादव ने भावुक पोस्ट में दी जानकारी, समर्थकों से की ये बड़ी अपील

Aparna Yadav Post on Prateek Yadav Funeral: मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे लखनऊ के में होगा। पत्नी अपर्णा ने पोस्ट कर दी जानकारी।
Prateek Yadav to Merge with the Five Elements Today; Aparna Yadav Shares the News in an Emotional Post and Makes a Major Appeal to Supporters.
प्रतीक यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Prateek Yadav Funeral Lucknow: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलयाम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का कल सुबह निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में होगा। इसकी जानकारी प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर दी।

कल सुबह प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आई थी। इस खबर से उनके समर्थकों और पार्टी से जुड़े नेताओं में शोक की लहर है। बुधवार सुबह अचानक से उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बैकुंठ धाम में होगा अंतिम संस्कार

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने अपने एक्स हैंडल से अंतिम संस्कार को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि पद्म विभूषण पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के सुपुत्र एवं हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार प्रातः 11:00 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा। आगे उन्होंने लिखा, इस दुःखद घड़ी में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति प्रार्थनीय है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वजह आई सामने

कल शाम को प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक की मौत पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म से हुई। आसान भाषा में कहें तो प्रतीक की फेफड़ों की नस में ब्लड का थक्का जम गया था। इससे अचानक से दिल और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया और उनकी मौत हो गई। फिलहाल, डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम जांच को और पुख्ता करने के लिए विसरा और दिल के कुछ हिस्सों को केमिकल और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है।

विसरा जांच के लिए भेज दिया गया है, जिससे कि मौत में अन्य रसायन या जहर जैसी संभावना को भी स्पष्ट किया जा सके। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक के शरीर में कुछ चोट के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच में हृदय गति रुकने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि प्रतीक के बाएं पैर में अंगूठे का नाखून नीला पड़ गया था।

सक्रिय राजनीति से दूर थे प्रतीक

प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। वे मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक की शादी अपर्णा बिष्ट से साल 2011 में हुई थी। अपर्णा वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार बिष्ट की बेटी हैं। प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से हमेशा दूर थे, लेकिन मुलायम परिवार से होने की वजह से वे अक्सर चर्चा में बने रहते थे। उनके निधन के वक्त पत्नी अपर्णा लखनऊ में नहीं थीं वे मुंबई में थी। वे दोपहर को लखनऊ पहुंची।

Navbharat Live
navbharatlive.com