साइकिल छोड़ पतंग उड़ाने की तैयारी में आजम खान, राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना, कहा- AIMIM में होंगे शामिल

OP Rajbhar on Azam Khan: रामपुर जेल में आजम खान से अखिलेश यादव की मुलाकात पर ओपी राजभर ने तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि आजम खान सपा छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM में जा सकते हैं।
OP Rajbhar
अखिलेश यादव, ओम प्रकाश राजभर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

OP Rajbhar Said Azam Khan Wants CM Post:उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव करीब एक साल बाद गुरुवार को रामपुर के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने रामपुर जिला जेल में बंद सपा नेता आजम खान से भी मुलाकात की थी। अब इसे लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने अखिलेश पर हमला बोला।

राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज करते हुए पूछा कि आजम खान से उनकी मुलाकात कैसी रही। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं की मुलाकात नाकाम रही और अब आजम खान सपा का साथ छोड़कर असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM का दामन थाम सकते हैं, क्योंकि आजम को गृह मंत्री नहीं मुख्यमंत्री का पद चाहिए। सपा नेता शिवपाल यादव ने हाल ही में ऐलान किया था कि सपा के जीतने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। 

अखिलेश-आजम की मीटिंग फेल 

उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर तंज किया। उन्होंने पूछा अखिलेश जी, कैसी रही आजम चचा से मुलाकात? सुना है चचा साइकिल छोड़ पतंग उड़ाने की तैयारी में हैं। सुने ये भी है कि आपके ख्याली गृह मंत्री ने आपसे सीधे-सीधे कह दिया कि अगर पार्टी में रोकना है तो उन्हें गृह नहीं, सीएम की कुर्सी चाहिए। 

राजभर ने आगे कहा कि यूपी के मुसलमानों ने सैफई वालों को कई बार मुख्यमंत्री बना दिया। थोड़ा बलिदानी आपको बनने की नसीहत मिलने लगी है। रामपुर से हमारे विश्वस्त सूत्र बता रहे हैं कि खान चचा से आपकी बात बन नहीं पाई। सेटिंग नहीं बैठ पाई। ओवैसी ने रामपुर में आपका काम लगा दिया। पंचायती राज मंत्री ने अखिलेश को सलाह देते हुए कहा कि वैसे भी आपकी सरकार आने नहीं जा रही इसलिए दिल पर पत्थर रखकर घोषणा कर दीजिए कि सपा की सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाएंगे।

OP Rajbhar
स्नातक एमएलसी चुनाव: मतदाताओं को धमकाने का आरोप, डीएम और पुलिस आयुक्त से मिले सपा नेता

एक साल बाद आजम से मिले अखिलेश

अखिलेश यादव करीब एक साल बाद रामपुर पहुंचे थे। जहां उन्होंने रामपुर जिला जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की। जेल प्रशासन ने दोनों को मिलने के लिए 45 मिनट का समय दिया था। आजम खान प्रदेश में बड़े मुस्लिम नेताओं में से एक हैं। माना जा रहा है कि वह सपा प्रमुख के हालिया कुछ फैसलों से नाराज चल रहे हैं। ऐसे में सपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें मना लेना चाहती है। इसलिए रामपुर जेल में हुई दोनों की मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा था। 

आजम थे, वो आजम हैं, आजम रहेंगे: अखिलेश यादव

आजम खान से मुकालात के बाद अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार पर उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि रामपुर की धरती से आदरणीय आजम खान साहब के लिए हमारा यही ऐलान है:  जो आजम थे, वो आजम हैं, वो आजम रहेंगे।

अखिलेश ने आगे कहा कि फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं है कि वो सच को कैद कर सकें। षड्यंत्र रचकर किसी को कैद में रखने वाला भी हमेशा अपने दिमाग की जेल में डर के मारे बंद रहता है क्योंकि उसे हर पल यही डर सताता है कि कल को जब सच सामने आयेगा तो उसे अपने किये की सजा भुगतनी ही होगी। वो कल की सजा के बारे में सोच-सोचकर अंदर-ही-अंदर गलता-डरता रहता है।

भ्रष्ट अधिकारी-फर्जी मुकदमे भाजपा के हथियार

भ्रष्ट अधिकारी और फर्जी मुकदमे भाजपाई शासन-प्रशासन के दो अहम हथियार हैं। जब भी भाजपा की नाइंसाफी का इतिहास लिखा जाएगा रामपुर का नाम सबसे ऊपर आयेगा। जौहर यूनिवर्सिटी को बंद करने की साजिश दरअसल पीडीए से पढ़ाई के अधिकार को छीनने का षड्यंत्र है। जो हजारों स्कूल बंद कर सकते हैं वो यूनिवर्सिटी को क्या छोड़ेंगे।

OP Rajbhar
नोएडा में MLC चुनाव में भिड़े BJP-SP के कार्यकर्ता, बूथ लगाने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा

उन्होंने कहा कि ये दकियानूसी नकारात्मक भाजपाई आजम खान जी से इसलिए चिढते हैं क्योंकि ये खुद कभी आजम खान की तरह तरक्कीपसंद और सकारात्मक नहीं हो सकते हैं। भाजपा का इल्म और तालीम से छत्तीस का आंकड़ा है। इल्म के मामले में भाजपा सिफर है। बदले की भावना रखनेवाली भाजपा को जनता हमेशा के लिए बदल देगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com