नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: दिल्ली-NCR में सक्रिय अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 गाड़ियां बरामद

Noida Police: नोएडा पुलिस ने एनसीआर में सक्रिय अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 11 चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद हुआ।
Major action by Noida Police: Inter-state bike theft gang active in Delhi-NCR busted; 11 motorcycles recovered
नोएडा पुलिस ने वाहन चोरों को गिरफ्तार किया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Noida Police Arrested Bike Thief: नोएडा पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में गौतमबुद्ध नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर12 जून को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-28 क्षेत्र से दो आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू हलदर (23 वर्ष) निवासी छलेरा, सेक्टर-44 नोएडा और नाजिम (20 वर्ष) निवासी हरदोई, वर्तमान निवासी छलेरा, नोएडा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से नोएडा, दिल्ली और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

दरअसल आरोपी चोरी से पहले आस-पास के इलाके की रेकी करते थे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। इसके बाद वे चोरी किए हुए वाहनों को राह चलते आम लोगों को कम से कम कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

11 चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू हलदर के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

कई इलाकों में करते थे चोरी

बरामद 11 मोटरसाइकिलों में कई वाहन दिल्ली के ज्योति नगर, न्यू अशोक नगर, बदरपुर और समयपुर बादली थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य वाहन नोएडा क्षेत्र से चोरी किए गए बताए जा रहे हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की जांच कर उन्हें वाहन वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। सोनू हलदर के खिलाफ पहले से चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नाजिम के खिलाफ भी वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को एनसीआर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com