मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा, फ्लाईओवर से नीचे गिरी कार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। इस हादसे में 4 दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा, फ्लाईओवर से नीचे गिरी कार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत
मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर से नीचे गिरी कार (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर 20 फीट ऊंचे फ्लाईओवर से गिर गई। हादसे में 4 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। 1 गंभीर रूप से घायल है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज गति से चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसकी रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी।

कार फ्लाईओवर पर अचानक लहरा गई। इसके बाद फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर नीचे खेत में जा गिरी। 15 फीट लंबी और 5 फीट ऊंची कार चकनाचूर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया।

केदारनाथ जा रहे थे चारों दोस्त

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों का हाल भी जाना। उन्होंने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। मामला छपार क्षेत्र के रामपुर तिराहा का है। पुलिस के मुताबिक कार सवार गुजरात के रहने वाले हैं। ये सभी उत्तराखंड के केदारनाथ जा रहे थे।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि एक इनोवा कार फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। कार की रफ्तार तेज थी। इसलिए वह रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। कार में पांच लोग सवार थे। 4 की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल है। सभी गांधीनगर, गुजरात के रहने वाले हैं। ये लोग केदारनाथ जा रहे थे।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए सीएम योगी ने प्रशासन को उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com