न्यूयार्क, सैन फ्रांसिस्को और लंदन से UP में निवेश के लिए इतने करोड़ के हुए एमओयू पर हस्ताक्षर

UPGIS2023
Published on: 
Updated on: 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) के दिशा-निर्देश पर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना (Suresh Kumar Khanna) के नेतृत्व में विभिन्न देशों में रोड शो और बिजनेस डीलिंग के माध्यम से निवेश की संभावना तलाशने गई टीम द्वारा इंग्लैंड के लंदन (London) और अमेरिका के न्यूयार्क और सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) की प्रतिष्ठित कम्पनियों एवं औद्योगिक घरानों से विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के लिए 4 लाख 7 हजार करोड़ रुपए के 21 प्रस्ताव पर एमओयू हस्ताक्षर किए गए। इन देशों से निवेश प्राप्त करने और यूपीजीआईएस-2023 (UPGIS-2023) के लिए प्रमुख कम्पनियों में आमंत्रित करने गई टीम में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह शामिल थे। प्रतिनिधि मंडल में अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविन्द कुमार, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी और सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह भी साथ थे।

इस प्रतिनिधि मंडल ने अमेरिका और इंग्लैंड जैसे विकसित देशों के प्रमुख कम्पनियों के प्रतिनिधियों से विभिन्न चरणों में यूपी में निवेश के लिए विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधि मंडल ने यूपी की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रतिष्ठित कम्पनियों को समझाने में सफल रहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी देश के अन्य राज्यों की तुलना में हर क्षेत्र में प्रथम अथवा दूसरे स्थान पर है। देश की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ इंजन में यूपी का महत्वपूर्ण योगदान है। यूपी आज तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था है।

यूपी अब एक निवेश फ्रेंडली राज्य

खन्ना ने इन देशों के उद्यमियों से आईटी, अवस्थापना, स्वास्थ्य, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पर्यटन, शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में निवेश का प्रस्ताव दिया। उन्होंने बताया कि यूपी अब एक निवेश फ्रेंडली स्टेट है। यहां पर उच्च स्तर की अवस्थापना सुविधाएं, कनेक्टिविटी, उच्च कोटि की कानून व्यवस्था और करोड़ों की संख्या में उपभोक्ता हैं। खन्ना ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ख्याति और उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन और इन्वेस्टमेंट अनुकूल सुलभ और सहज नीतियों के कारण औद्योगिक घराने और निवेशकर्ता प्रदेश में निवेश के लिए स्वतः इच्छुक दिखे। 

UPGIS-2023 में भाग लेने के लिए किया आमंत्रित 

उन्होंने उद्यमियों को बताया यूपी में रेल, वायु, एक्सप्रेस-वे, परिवहन जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं हैं। उद्यमियों को निवेश के लिए लगभग 25 नीतियां तैयार की गई हैं, जिससे निवेशकों के लिए आकर्षक प्रावधान किए गए हैं। इसी प्रकार अमेरिका और इंग्लैंड के जाने-माने औद्योगिक घराने से विभिन्न चरणों में बातचीत हुई। तीनों देशों के उद्यमी यूपी में निवेश के लिए उत्सुक दिखें। जिसके फलस्वरूप यूपी को 4 लाख 7 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। प्रतिनिधि मंडल ने अमेरिका और इंग्लैंड के उद्यमियों से यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com