मेरठ के रिठानी मेट्रो स्टेशन पर लगी आग, लिफ्ट के पास शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप

Rithani Metro Station Fire: रिठानी मेट्रो स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटों ने ऊपर लगे सोलर पैनल को अपनी चपेट में ले लिया लेकिन सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।
Fire Breaks Out at Rithani Metro Station in Meerut, No Casualties Reported
शॉर्ट सर्किट से आग (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Rithani Metro Station Fire Meerut: परतापुर थानाक्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित रिठानी मेट्रो स्टेशन पर सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। लिफ्ट के पैनल के पास शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने लिफ्ट के ऊपर लगे सोलर पैनल को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग तेजी से फैलती देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लिफ्ट के ऊपर लगी सोलर पैनल प्लेट भी आग की चपेट में आ गई, जबकि सोलर पैनल को ठंडा रखने के लिए लगाया गया एसी भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके चलते काफी समय तक अफ़रा-तफ़री का माहौल बना रहा।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मेट्रो स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। स्टेशन पर उपलब्ध अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

Fire Breaks Out at Rithani Metro Station in Meerut, No Casualties Reported
प्रयागराज में बाढ़ का खतरा बढ़ा; आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में घुसा पानी, डेढ़ दर्जन गांवों पर भी संकट

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची परतापुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम

आपको बता दें कि आग लगने की सूचना मिलने पर परतापुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। परतापुर फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था।

अचानक रिठानी मेट्रो स्टेशन पर आग लगने की घटना को लेकर एफएसओ विश्वास गर्ग ने बताया कि लिफ्ट के ऊपर लगी सोलर पैनल प्लेट में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं। हालांकि स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग बुझा ली गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। समय पर आग पर काबू पाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि आग की घटना के बाद कुछ समय तक रिठानी मेट्रो स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और स्टेशन परिसर को खाली करवा दिया गया। ताकि कोई जान माल का नुकसान ना हो। बता दें कि बीते साल भी इसी स्टेशन पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, पर वह गलत निकली। लेकिन इस बार आग लगी तो समय रहते सुरक्षाकर्मी और पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाई। जिसके चलते आग पर समय से काबू पा लिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com