

Sangeet Som: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक टोल प्लाजा पर भारतीय सेना के जवान के साथ मारपीट के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम इस मुद्दे पर धरने पर बैठ गए हैं। उनके धरने पर बैठने के बाद जब पुलिस वहां पहुंची, तो सोम ने मेरठ के पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की।
दरअसल, सोम उस समय धरने पर बैठे जब वहां पहले से ही ग्रामीण जमा थे। पूर्व विधायक ने आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने की मांग की है। इस दौरान सोम ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप भी लगाए। सोम ने प्रशासन को कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सोम ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी से कहा- मैं अभी हाईवे जाम करने जा रहा हूं।
धरने पर बैठे संगीत सोम समझाने आए मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को भी उन्होंने जोरदार फटकार लगाई। वीडियो में संगीत सोम कह रहे हैं, "कप्तान नहीं हो ना? तो...कप्तान को भेजो...बुलाओ। जाओ...अलग जाकर बात करो।"
आपको बता दें कि सेना के जवान का नाम कपिल कवाड़ है। वह भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट से हैं। वह छुट्टी पर अपने घर मेरठ आए थे और छुट्टी बिताने के बाद मेरठ से दिल्ली एयरपोर्ट अपनी श्रीनगर पोस्ट पर लौटने के लिए जा रहे थे। कपिल का चचेरा भाई भी कार में उनके साथ था। इस दौरान वह भूनी टोल बूथ पर पहुंचे। जहां काफी लंबी कतारें लगी हुई थीं।
कपिल के भाई के अनुसार, कपिल ने अपना आर्मी कार्ड दिखाया और खुद को स्थानीय निवासी और सेना का जवान बताया। उसने बताया कि उसे दिल्ली से फ्लाइट पकड़नी है, इसलिए उसे जाने दिया जाए। लेकिन टोल कर्मचारियों ने फिर से टोल मांगा। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई। वायरल वीडियो के अनुसार, टोल कर्मचारी कपिल को लाठियों से पीट रहे थे। इसी बीच, कुछ हमलावरों ने कपिल को एक खंभे से बांध दिया। उन्होंने जवान के हाथ पीछे खींच लिए और उनमें से एक ने गाली-गलौज करते हुए जवान की पिटाई कर दी।