

मथुरा में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार
स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार, नकदी बरामद
पति व अन्य दो आरोपियों की तलाश में पुलिस
Mathura Smack Seized: मथुरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गोविंदनगर पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से स्मैक और 1 लाख 15 हजार रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस ने महिला के पति व अन्य दो आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, तो अभी फरार चल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मथुरा के थाना गोविंदनगर पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि गऊघाट कच्चे रास्ते पर मादक पदार्थों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अजय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
दोपहर करीब 12 बजकर 35 मिनट पर पुलिस ने मौके से एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 ग्राम स्मैक और 1 लाख 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान नगमा पत्नी अन्सार, निवासी नई मस्जिद, राधेश्याम कॉलोनी, थाना गोविंदनगर, मथुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नकदी को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में महिला के अलावा चार अन्य लोगों को भी नामजद किया है। इनमें अन्सार पुत्र बरकत उर्फ गांधी और चांद पुत्र हनीफ निवासी नई मस्जिद, राधेश्याम कॉलोनी तथा अलीम उर्फ रोहित पुत्र सलीम निवासी बद्रीनगर, डीग गेट, थाना गोविंदनगर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई है। मामले में थाना गोविंदनगर में केस दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अजय वर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह, कांस्टेबल अवनीश कुमार, अरुण कुमार, नितिन कुमार, महिला कांस्टेबल ज्योति और मनीषा शामिल रहीं।
यूपी पुलिस अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की आपूर्ति, अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।