

Mathura Vrindavan Development Authority: मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की 110वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में यीडा के क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मथुरा जनपद में सुनियोजित शहरी विकास, नई आवासीय योजना और प्राधिकरण के विकास क्षेत्र के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में रखे गए प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श के बाद कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छाता तहसील के ग्राम छाता में करीब 116 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित आवासीय योजना पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के लिए करीब 98 हेक्टेयर भूमि प्राधिकरण द्वारा अर्जित की जा चुकी है। योजना में शामिल कुछ खसरा नंबरों की भूमि का भू-उपयोग कृषि से आवासीय किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे बोर्ड की चर्चा के बाद मंडलायुक्त ने स्वीकृति प्रदान की।
इसके साथ ही ग्राम छाता में प्रस्तावित टाउनशिप के ड्राफ्ट लेआउट को भी बोर्ड के सामने प्रस्तुत किया गया। अनुबंधित एजेंसी ने मल्टीमीडिया के माध्यम से टाउनशिप का प्रस्तुतीकरण किया। लेआउट में निर्धारित मानकों के अनुसार आवासीय भूखंड, ग्रुप हाउसिंग, कॉमर्शियल क्षेत्र, सामुदायिक एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए बड़े भूखंड, मास्टर प्लान रोड तथा हरित क्षेत्र का प्रावधान किया गया है। मंडलायुक्त ने प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए लेआउट में एक बड़े सेक्टर पार्क का प्रावधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के विकास क्षेत्र के विस्तार से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण के विकास क्षेत्र में एकरूपता बनाए रखने तथा नए विकास और बेहतर नियोजन के उद्देश्य से कुल 93 गांवों को प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया जाना प्रस्तावित है। प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद मंडलायुक्त ने इसे अनुमोदित करते हुए शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में इसके अलावा भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित कई अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। बोर्ड ने शहरी विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियोजित विकास पर जोर दिया।
बैठक में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा, सचिव आशीष सिंह, सह नगर नियोजक स्मिता निगम, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम सहित बोर्ड सदस्य डॉ. डीएस गौतम, नवीन मित्तल और भुवन कमल आदि मौजूद रहे।