

Two Injured In Mathura Road Accident: थाना हाईवे क्षेत्र के मंडी चौराहा स्थित NH-19 पर सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार हादसे का शिकार हो गई। आगरा से दिल्ली की ओर जा रही कार का अचानक टायर फट गया।
इसके बाद कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर बने सीवर चैंबर से जा टकराई और फिर सड़क के समीप खड़े एक अज्ञात वाहन से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।
जानकारी के अनुसार होंडा सिटी कार संख्या DL 4CAN 6745 में जैकी और बहादुर सवार थे। दोनों आगरा से दिल्ली की ओर जा रहे थे। मंडी चौराहे के पास अचानक कार का टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार को संभाल नहीं सका और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर बने सीवर चैंबर से जा टकराया। सीवर चैंबर से टकराने के बाद कार सड़क के समीप खड़े एक अज्ञात वाहन से भी भिड़ गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि होंडा सिटी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार जैकी और बहादुर को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए पास के न्यूरो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी बताया गया है।
घटना के बाद एक बार फिर NH-19 पर सड़क सुरक्षा और हाईवे की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हादसे की शुरुआत भले ही कार का टायर फटने से हुई हो, लेकिन इसके बाद वाहन का सीवर चैंबर से टकराना और फिर अज्ञात वाहन से भिड़ना कई सवाल खड़े करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि व्यस्त हाईवे पर मौजूद सीवर चैंबर की स्थिति क्या वाहन चालकों की सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त है? क्या चैंबर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाए गए हैं? यदि हाईवे पर सड़क किनारे मौजूद ऐसे ढांचों की पहचान रात के समय आसानी से नहीं हो पाती, तो यह स्थिति किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकती है।
यह भी पढ़ें- नागपुर में फैब्रिकेशन यूनिट में भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू; लाखों का सामान खाक
स्थानीय लोगों के अनुसार मंडी चौराहा और आसपास के हाईवे क्षेत्र में इससे पहले भी कई छोटे-बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। हादसों के बावजूद सड़क किनारे मौजूद खामियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे या जनहानि का इंतजार करने के बजाय संबंधित विभागों को समय रहते सड़क की खामियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करना चाहिए।
लोगों ने मांग की है कि हाईवे पर बने सीवर चैंबर, खुले या उभरे हुए हिस्सों, सड़क किनारे खड़े वाहनों और अन्य संभावित दुर्घटना वाले स्थानों का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही आवश्यक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी होंडा सिटी को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर है कि संबंधित विभाग हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था में सामने आ रही कमियों को लेकर क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कार्रवाई की जाती है।