

Mathura Police Women Awareness campaign Helpline: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना बल्देव की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के गलत व्यवहार या असहज स्पर्श को नजरअंदाज न करें और ऐसी स्थिति में तत्काल अपने परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें। पुलिस ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों के बारे में भी बताया और किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय साहस के साथ उसका सामना करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी और उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर भी जागरूक किया। महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि बस, रास्ते या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और शोहदों द्वारा परेशान किए जाने की स्थिति में डरकर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। ऐसी घटनाओं की सूचना 1090 वीमेन पावर लाइन पर दी जा सकती है। इसके अलावा पीड़िता नजदीकी थाने पहुंचकर घटना के संबंध में तत्काल एफआईआर दर्ज करा सकती है।
अभियान के दौरान सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी महिलाओं और बालिकाओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। अनजान लोगों से बातचीत, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने के लिए जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। महिलाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। महिलाओं को 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में बताया गया।
पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा के उपायों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक और सशक्त बनाना है। अभियान के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में वे चुप न रहें और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस की मदद लें।