

Shri Krishna Janmotsav Mathura: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति (रजि.) मथुरा द्वारा आयोजित पांच दिवसीय श्रीकृष्ण लीला मंचन का बुधवार, 2 सितंबर 2026 को विधि-विधान से पूजन-पाठ के साथ शुभारंभ हुआ। ब्रज कला केंद्र में आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में योगीराज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म लीला से लेकर उनकी बाल लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला के शुभारंभ के अवसर पर श्रद्धालुओं और समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की।
कृष्ण जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि पांच दिवसीय श्रीकृष्ण लीला के प्रथम दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की लीला, गोकुल में जन्मोत्सव और कान्हा की नटखट बाल लीलाओं का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी अभिनय प्रतिभा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और गोकुल पहुंचने की कथा को जीवंत कर दिया। मंच पर प्रस्तुत धार्मिक प्रसंगों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
लीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का दृश्य सामने आते ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नंद बाबा के घर उत्सव, गोकुलवासियों की खुशियां और बाल कृष्ण की नटखट लीलाओं को कलाकारों ने आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। मंचन के दौरान दर्शकों की ओर से लगातार जयकारे लगाए गए, जिससे पूरा ब्रज कला केंद्र श्रीकृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया।
समिति के मीडिया प्रभारी दीपक गोला ने बताया कि मथुरा में पहली बार पांच दिवसीय श्रीकृष्ण लीला का मंचन मुरादाबाद के वैष्णवी कला मंच (थिएटर) द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर धर्मप्रेमी जनता में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मंचन मथुरा की जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
श्रीकृष्ण लीला को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रज कला केंद्र पहुंचे। मंच पर सजीव अभिनय, धार्मिक संवाद और लीलाओं की प्रस्तुति ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। आयोजन के माध्यम से जहां नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल, राजेंद्र खंडेलवाल, प्रेम अग्रवाल, महेश चंद प्रेस वाले, गिरीश सर्राफ, मुरारी लाल गर्ग, राजीव खंडेलवाल, सुरेश चंद्र, सुनील, अशोक कुमार, उमेश चंद, रमेश चंद, अतुल अग्रवाल, गिरीश चंद सर्राफ, अतुल हार्डवेयर वाले, मुरारी लाल गर्ग सर्राफ, मीडिया प्रभारी दीपक गोला सहित समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पांच दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य श्रीकृष्ण की लीलाओं को मंच के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना और ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखना है। लीला मंचन को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बना हुआ है।