

Banke Bihari Temple Viral Video: यूपी के मथुरा में विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मंदिर के गेट नंबर-4 के पास किसी बात को लेकर श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ सुरक्षा कर्मी श्रद्धालुओं के साथ उलझते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ भी दिखाई दे रही है। इसी बीच एक पुलिस दरोगा को लेकर भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाया।
बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बांके बिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और यहां तैनात सुरक्षा कर्मियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा कर्मियों को संयम और मर्यादा के साथ श्रद्धालुओं से व्यवहार करना चाहिए।
हालांकि बांके बिहारी मंदिर के इस वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना कब की है और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, अभी तक इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो में शामिल सभी लोगों की पहचान भी स्पष्ट नहीं है।
मामले को लेकर अभी तक मंदिर प्रबंधन और पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब पुलिस और मंदिर प्रबंधन की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक कारणों और स्थिति की वजह स्पष्ट हो सकेगी।