वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास अचानक हुआ बड़ा हादसा, दर्शन करने आए श्रद्धालुओं में मची चीख-पुकार!

Mathura Vrindavan Accident: मथुरा के वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास तेज आंधी के कारण मकान का छज्जा गिरने से 8 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन अलर्ट पर है।
Mathura Vrindavan Accident
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरा
Published on
Updated on

Mathura Accident: मौसम विभाग द्वारा जारी हाई अलर्ट के बीच सोमवार को वृंदावन में आए तेज अंधड़ और तूफानी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में तेज हवा के चलते एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और धूल भरी आंधी के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान एक मकान का छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय वहां से गुजर रहे लोग उसकी चपेट में आ गए और घायल हो गए।

हादसे में 8 लोग घायल

घायलों की पहचान गोविंद लाल (65 वर्ष) पुत्र खुशी लाल, निवासी जनकपुरी, दिल्ली तथा आस्था भदौरिया (17 वर्ष) पुत्री मुकेश, निवासी नुमाइश चौराहा, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना में 8 लोग घायल बताये जा रहे है जिनमे दो की हालत गंभीर बनी हुई है l घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा सौ शैय्या अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने का समाचार है, जिनका अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। खबर लिखे जाने तक घायल लोगों की संख्या का सही आंकलन नहीं हो सका था।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज आंधी-तूफान, बिजली चमकने, मध्यम से भारी बारिश तथा ओलावृष्टि की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, जर्जर भवनों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

तेज अंधड़ के कारण बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र समेत शहर के कई हिस्सों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com