

Kanpur News: यूपी के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कानपुर में आटा की बोरियां लदे कन्टेनर में गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई है। तस्करों ने गांजा को अलग रंग की बोरियों में भरा था। बोरियों में भरे गए गांजे का वजन 600 किलोग्राम बताया गया है। जिसका बाजार भाव लगभग 10 करोड़ रुपए बताया गया है। कंटेनर का मालिक ही इसे ड्राइव कर रहा था। जबकि उसके दो साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे।
पुलिस की जांच में सामने आया कि गांजे की खेप उड़ीसा से लाई गई थी। तस्कर इसे उड़ीसा से आगरा लेकर जा रहे थे। क्राइम ब्रांच को गांजे की खेप आने का पहले से इनपुट मिला था। मंगलवार सुबह 5 बजे हरियाणा नंबर का कंटेनर दिखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का ईशारा किया तो ड्राइवर ने स्पीड बढ़ा दी।
कानपुर पुलिस ने उसका लगभग 15 किलोमीटर तक पीछा किया। जीटीरोड पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि इसमें आटा और मैदा की बोरियां लदी हैं। पुलिस ने जब तलाशी लेने की बात कही तो ड्राइवर ने गेट खोल दिया। पुलिस ने चेक किया तो उसमें आटा और मैदा की बोरियां थीं।
अलग अलग रंग की बोरियां होने पर पुलिस को शक हुआ। सफ़ेद रंग की बोरियों में आटा और मैदा भरा हुआ था। पुलिस ने जब पीले रंग की बोरियां चेक कराने को कहा तो ड्राइवर गोलमोल जवाब देने लगा। पुलिस ने जब उन बोरियों को खुलवाया तो उसमें गत्ते भरे मिले।
जब उन गत्तों को खोला गया तो उसमें गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने कन्टेनर के ड्राइवर लियाक़त अली को गिरफ्तार कर लिया है। वह हरियाणा का रहने वाला है। उसके साथ जमशेद, राजू और जुनैद भी थे। जो पुलिस को चकमा देकर भाग गए। ड्राइवर ने बताया कि आगरा से पहले भी इसकी सप्लाई होनी थी।