Mirzapur News: पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहा था फर्जी इंस्पेक्टर, पूछताछ में खुली पोल

Mirzapur Police Update: मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। वह खुद को महिला थाना में तैनात बता रहा था।
Man Detained for Roaming in Police Uniform at Mirzapur Collectorate
मिर्जापुर पुलिस (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Mirzapur Fake Policeman News: मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को बुधवार को पकड़ लिया गया। वर्दी पर स्टार लगा होने के बावजूद उसके हावभाव और गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर मौजूद लोगों ने उससे पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसे शहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।

वर्दी पर स्टार देखकर हुआ शक

बता दें कि कलेक्ट्रेट परिसर में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहा था। उसकी वर्दी पर एक स्टार भी लगा हुआ था, जिससे वह खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी दिखाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि उसकी बातचीत और व्यवहार से लोगों को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान वह अपनी पहचान और तैनाती को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।

खुद को महिला थाना में तैनात सिपाही बताया

मामले की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवलाल पाल तथा निवासी प्रयागराज बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह महिला थाना में ड्यूटी करने के लिए आया है, लेकिन वह अपनी नियुक्ति, पदस्थापना और विभागीय पहचान से संबंधित कोई ठोस दस्तावेज नहीं दिखा सका।

प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी वास्तव में पुलिस विभाग से जुड़ा है या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने पुलिस की वर्दी किस उद्देश्य से पहन रखी थी और कलेक्ट्रेट परिसर में उसकी मौजूदगी का क्या मकसद था?

कई धाराओं में दर्ज हो सकता है मुकदमा

सूत्रों के अनुसार, यदि जांच में व्यक्ति के फर्जी पुलिसकर्मी होने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सरकारी वर्दी का दुरुपयोग, प्रतिरूपण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा उसके दावों का सत्यापन किया जा रहा है। मामले को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
Navbharat Live
navbharatlive.com