बीजेपी ऑफिस में हुए हंगामें की तस्वीर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Maharajganj BJP Office Uproar: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भाजपा कार्यालय में मनोनीत सभासदों और पदाधिकारियों के स्वागत के दौरान जोरदार हंगामा हुआ। दरअसल, एक महिला पैसे की लेनदेन को लेकर अचानक भारतीय जनता पार्टी के नेता का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मार दिया और चप्पल लेकर मारने दौड़ पड़ी। कुछ ही देर बाद यह मामला मारपीट और हंगामे का रूप ले लिया। ऑफिस में हंगामे और अफरातफरी के बीच करीब एक घंटे तक कार्यक्रम रुका रहा।
यह पूरा मामला नौतनवा कस्बा स्थित भाजपा कार्यालय का है, जहां पर मनोनीत सभासदों और पदाधिकारियों के स्वागत के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम शुरू होने ही वाला था, इसी बीच एक महिला अपने बेटे के साथ वहां पहुंच गई। उसके बाद सीधे पार्टी के एक पदाधिकारी के पास पहुंच कालर पकड़ खींचने लगी। इतना ही नहीं महिला हंगामा करते हुए पदाधिकारी को चप्पल से पीटने के लिए कोशिश करने लगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हंगामा कर रही महिला ने आरोप लगाया है कि वह एलआईसी के नाम पर करीब साढ़े चार लाख रुपये संबंधित व्यक्ति को दिए थे, लेकिन वह रकम जमा करने के बजाय हड़प ली गई है। ऐसे में वह काफी समय से पैसे की मांग कर रही थी, लेकिन पैसा वापस नहीं किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि गुस्से में महिला ने पहले पदाधिकारी को थप्पड़ मारा और फिर उसका कॉलर पकड़कर खींचने लगी।
इस घटना दौरान बीजेपी कार्यालय का माहौल पूरी तरह से गरमा गया और मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव में जुट गए। इसके बावजूद भी महिला और उसके बेटे का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है।
भाजपा की ट्रिपल C (चाल, चरित्र, चेहरा) की ट्रिपल S (सरकार, संगठन, संगी-साथी) के अभूतपूर्व अनुशासित ‘समन्वय बैठक’ के आह्लादित कर देनेवाले हाथापाई क्षण। भाजपा के ट्रिपल S (सरकार, संगठन, संगी-साथी) में दो S हमने और जनता ने जोड़ दिये हैं: सब समाप्त। तो कुल मिलाकर भाजपा ट्रिपल S से… pic.twitter.com/N9e0txi6BX — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 19, 2026
पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व प्रत्याशी समीर त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि यदि पहले इस मामले की जानकारी होती तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्ष भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं और जल्द ही मामले का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: UP में 7वीं के प्रश्नपत्र पर मचा बवाल, ‘पंडित’ से जुड़े सवाल को अखिलेश यादव ने बताया ‘समाज विशेष’ का अपमान
नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मामले में तहरीर मिली है। जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।