‘हाई-टेक' खोया-पाया प्रणाली से सुरक्षित होगा महाकुंभ, अब अपनों से नहीं बिछड़ेंगे अपने

कुंभ मेले की भीड़ में अपनों के बिछड़ने की फिल्मी घटनाएं अब बीती बात हो जाएंगी। प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ-2025 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अत्याधुनिक खोया-पाया सिस्टम शुरू करने की तैयारी कर ली है।
‘हाई-टेक' खोया-पाया प्रणाली से सुरक्षित होगा महाकुंभ, अब अपनों से नहीं बिछड़ेंगे अपने
प्रयागराज में महाकुंभ 2025
Published on
Updated on

लखनऊ: कुंभ मेले की भीड़ में अपनों के बिछड़ने की फिल्मी घटनाएं अब बीती बात हो जाएंगी। प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ-2025 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अत्याधुनिक खोया-पाया सिस्टम शुरू करने की तैयारी कर ली है। अब कुंभ मेले में अगर कोई अपनों से बिछड़ जाता है तो उसे जल्द से जल्द परिवार से मिलाया जा सकेगा। कुंभ मेले का जिक्र होते ही दिमाग में कई फिल्मी कहानियां कौंध जाती हैं, जिसमें भाई, मां-बेटा या प्रेमी-प्रेमिका भीड़ में एक-दूसरे से बिछड़ जाते थे। बिछड़ने के इस सीन को बॉलीवुड की कई पुरानी फिल्मों में बेहद भावुक तरीके से इस्तेमाल किया गया है।

'फिल्मी महाकुंभ' में लोगों के खो जाने और फिर सालों बाद मिलने की इस धारणा को तोड़ने के लिए राज्य सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार को राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक प्रयागराज मेला प्राधिकरण और पुलिस विभाग ने मिलकर इस साल के महाकुंभ मेले में हाईटेक खोया-पाया पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर ली है।

बयान के अनुसार यह नई पहल सुरक्षा, जिम्मेदारी और तकनीक का अद्भुत संगम है, जो महाकुंभ मेले को सुरक्षित और सुखद अनुभव बनाएगा। इसमें कहा गया है कि अब कुंभ मेले में हर व्यक्ति का ध्यान रखा जाएगा, कोई भी अपने प्रियजनों से अलग नहीं होगा और अगर ऐसा होता भी है तो वह जल्द से जल्द अपने परिवार से मिल सकेगा।

डिजिटल पंजीकरण होगा

बयान के अनुसार अब इन 'हाईटेक' खोया-पाया केंद्रों में खोए हुए व्यक्तियों का डिजिटल पंजीकरण होगा ताकि उनके परिवार या दोस्त उन्हें आसानी से ढूंढ सकें। इसके अनुसार सभी गुमशुदा व्यक्तियों के लिए केंद्रों पर घोषणा भी की जाएगी और हर खोए हुए व्यक्ति का तुरंत खोया-पाया केंद्रों में पंजीकरण किया जाएगा और उसकी सूचना अन्य केंद्रों और फेसबुक व एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रसारित की जाएगी।

हमेशा काम आएगी तकनीक

बयान में कहा गया है कि यह व्यवस्था न सिर्फ महाकुंभ मेले को सुरक्षित बनाएगी, बल्कि परिवारों को उनके प्रियजनों से जल्दी और आसानी से जोड़ने का काम भी करेगी। बयान के अनुसार अगर कुंभ मेले में कोई व्यक्ति अपने प्रियजनों से बिछड़ जाता है तो उसकी देखभाल सुरक्षित, व्यवस्थित और जिम्मेदार व्यवस्था के तहत की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com