गरीब की जमीन पर माफिया का कब्जा बर्दाश्त नहीं, जो करे उसे सबक सिखाएं, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

Gorakhpur प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया।
cm yogi janta darshan
जनता दर्शन में सीएम योगी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

CM Yogi at Janta Darshan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन रविवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की शिकायत का प्रभावी, समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।

रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक रही। लोगों ने सीएम योगी को जमीन कब्जाने की शिकायतें बताईं। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

माफिया का कब्जा बर्दाश्त नहीं

सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई गरीब की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करे तो उसे ठीक से सबक सिखाया जाए। उन्होंने कहा कि गरीब की जमीनों पर दबंग या माफिया का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी प्रकरण में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है तो इसकी भी जांच की जाए और जवाबदेही तय की जाए।

गंभीर बीमारियों के इलाज और गुमशुदा बच्चे का मामला

जनता दर्शन में इस बार भी कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें तुरंत मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के लिए अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजा जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त राशि दी जाएगी। किडनी के इलाज के लिए डायलिसिस कराने की जरूरत बताने वाली एक महिला को सीएम योगी ने आत्मीय संबल देते हुए कहा, 'घबराओ मत उपचार की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी'। उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को डायलिसिस के लिए पैसे की व्यवस्था कराने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा, अंबेडकरनगर से आई एक महिला ने बाजार गए अपने बच्चे के साइकिल सहित गायब होने की पीड़ा बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता से मामले को लेते हुए बच्चे का पता लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने सुनी जनता की समस्या

मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम योगी ने सभी को यह कहते हुए आश्वस्त किया कि "घबराइए मत, हर समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएंगे।" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऑफिस के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से जनता दर्शन की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा गया है कि, "प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं और अधिकारों की पूर्ति ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज के सुशासन का आधार है।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com