

देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर 11 लाख दीप जलाए जाएंगे
सुरक्षा में 25 से अधिक IPS, 4000 पुलिसकर्मी तैनात होंगे
गंगा में नावों के संचालन के नियमों का सख्ती से पालन होगा
Kashi Dev Deepawali Security Arrangements: काशी में देव दीपावली को भव्य और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 4000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
गंगा में नावों के संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गंगा घाटों और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया।
देव दीपावली के दौरान घाटों और आसपास के संवेदनशील इलाकों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा जाएगा। भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं के आने और जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। इसके लिए बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था होगी। रामनगर की ओर स्थित घाटों पर भी संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
गंगा में नावों के संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। किसी भी नाव में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट का इस्तेमाल अनिवार्य रहेगा।
सुरक्षा के लिए जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा मोटरबोट के जरिए गंगा में लगातार निगरानी की जाएगी।
देव दीपावली पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात का विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रमुख रास्तों पर जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों के साथ मल्टीलेवल पार्किंग का इस्तेमाल कराया जाएगा। दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग की सुविधा देने की तैयारी है। यातायात डायवर्जन और पार्किंग से जुड़ी जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए पहले ही लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
घाटों और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन, चिकित्सा और दूसरी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रखा जाएगा।
देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ लेजर शो, गंगा आरती, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा महोत्सव जैसे आयोजन भी होंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि देव दीपावली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। एयर शो और महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों के अनुभव के आधार पर इस बार भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।