UP चुनाव से पहले 18.84 लाख वोटर बढ़े, इनमें सबसे अधिक महिलाएं, फर्स्ट टाइम वाले घटे; जानिए अब कैसे जुड़ेगा नाम

UP Draft Voter List 2026: यूपी चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है।
UP Draft Voter List
यूपी चुनाव से पहले वोटर लिस्ट जारी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • यूपी चुनाव से पहले ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी

  • प्रदेश में 18 लाख 84 हजार 113 वोटर बढ़े

  • पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा

UP Election Voter List Update: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों के लिए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है। पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में 7 लाख 87 हजार 449 पुरुष और 10 लाख 96 हजार 828 महिला मतदाताओं के नाम बढ़े हैं।

हालांकि अभी लोगों के पास वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

आम लोग भी अपने जिले की ड्राफ्ट मतदाता सूची देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें संबंधित जिले के निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

UP Draft Voter List
SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब तो भी भर सकेंगे फॉर्म-6, चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत

महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, इससे पहले 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इस तरह पिछले सात महीनों में मतदाताओं की संख्या में कुल 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है।

इस अवधि में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 और महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़ी है। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है।

18 से 19 साल के वोटरों की संख्या घटी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में कमी आई है। पहले इस आयु वर्ग में 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे, जो अब घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गए हैं। यानी कुल 5 लाख 80 हजार 008 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।

16 दिसंबर तक दर्ज जुड़वा सकेंगे नाम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक नाम जुड़वाने, हटवाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।

इसके लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाता फॉर्म-6A के जरिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं, किसी नाम को हटवाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलतियों को ठीक कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची और आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे। लोग उनसे संपर्क कर अपना नाम जुड़वाने या सूची में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे।

इसके अलावा 18 से 19 वर्ष के युवाओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। महिला मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और महिला स्वयं सहायता समूहों का सहयोग लिया जाएगा।

पंचायत और नगरीय निकाय की वोटर लिस्ट से होगा मिलान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, यूपी चुनाव से पहले मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने के लिए पंचायत और नगरीय निकाय की मतदाता सूची का विधानसभा मतदाता सूची से मिलान किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान करना है, जिनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। इसके बाद उनका नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वहीं, 17 से 20 नवंबर के बीच BLO और BLO सुपरवाइजर मतदाता सूची की जांच करेंगे। इस दौरान दोहरी प्रविष्टियों, मृतक और स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम के साथ फोटो से जुड़ी गलतियों को भी चिह्नित किया जाएगा।

UP Draft Voter List
यूपी चुनाव से पहले BJP प्रकोष्ठ संकुलों की बैठक में हुआ फैसला, वोटर लिस्ट पर नजर, हर वर्ग तक पहुंचने का टारगेट