

2021 के बाद 2025-26 की दरोगा भर्ती बनी दूसरी सबसे बड़ी भर्ती
योगी सरकार के कार्यकाल में यूपी पुलिस में 2.30 लाख से अधिक भर्तियां
वित्तीय वर्ष 2026-27 में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी
Sub-Inspector Appointment Letters Distribution: दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के 4,543 युवाओं के घर खुशियों का उजाला पहुंचा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नवनियुक्त उपनिरीक्षकों (दरोगा) को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके सपनों को नई उड़ान दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारदर्शी भर्ती के अपने वादे को निभाते हुए 4,543 युवाओं को पुलिस सेवा से जोड़ा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया।
इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पूरी चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चयन मेरिट के आधार पर हुआ है और इस प्रक्रिया को समय-सीमा के भीतर पूरा किया गया है।
उन्होंने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को बधाई दी और कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को इस नए दल से और मजबूती मिलेगी।
लखनऊ पुलिस लाइन में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 में चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस भर्ती के तहत नागरिक पुलिस के 4,242 उपनिरीक्षक, पीएसी के 135 प्लाटून कमांडर, विशेष सुरक्षा बल (SSF) के 60 प्लाटून कमांडर और महिला बटालियनों के लिए 106 महिला उपनिरीक्षकों का चयन हुआ। नागरिक पुलिस में चयनित 4,242 अभ्यर्थियों में 3,394 पुरुष और 848 महिलाएं शामिल रहीं।
बता दें कि इस भर्ती का विज्ञापन 12 अगस्त 2025 को जारी हुआ और लिखित प्रवेश परीक्षा 14 और 15 मार्च, 2026 को आयोजित की गई थी। शारीरिक दक्षता परीक्षा 29 जून से 4 जुलाई 2026 तक चली और अंतिम चयन परिणाम 14 जुलाई 2026 को आ गया।
इसकी सबसे अच्छी बात यह रही कि यह भर्ती न कहीं अटकी, न लटकी। भर्ती प्रक्रिया बिना किसी अनावश्यक देरी या रुकावट के पूरी हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित इस लिखित परीक्षा में करीब 15.75 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
UPPRPB द्वारा 2021 में कुल 9,534 पदों (9,027 सब इंस्पेक्टर, 484 प्लाटून कमांडर और 23 फायर ऑफिसर) पर बंपर भर्ती निकाली गई थी। यह यूपी पुलिस के इतिहास में सब इंस्पेक्टर पद के लिए अब तक की सबसे बड़ी सीधी भर्ती मानी जाती है।
अगर पिछले कुछ सालों की दरोगा भर्ती पर नजर डालें तो 2021 में सबसे ज्यादा 9,534 पदों पर भर्ती हुई थी। वहीं, 2025-26 की इस भर्ती में 4,543 पदों के साथ यह दूसरी सबसे बड़ी भर्ती रही। इससे पहले 2016 में 2,707 और 2015 में 2,064 पदों पर भर्ती हुई थी।
योगी सरकार के कार्यकाल में 2017 से अब तक यूपी पुलिस में 2.30 लाख से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। इनमें आज नियुक्ति पाने वाले 4,543 दरोगाओं को छोड़ दें तो करीब 2,25,500 से ज्यादा सिपाही और दूसरे तकनीकी व प्रशासनिक पदों पर भर्तियां हुई हैं।
इस भर्ती अभियान में दरोगाओं के अलावा कई दूसरे पदों पर भी बड़ी संख्या में भर्तियां हुई हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या सिपाहियों की है। हाल ही में 60,244 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती पूरी हुई है। इसके अलावा पीएसी और फायरमैन के पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं।
महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अब तक 27,178 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की जा चुकी है। वहीं, पुलिस दूरसंचार विभाग में हेड ऑपरेटर, असिस्टेंट ऑपरेटर और गोपनीय व लिपिक संवर्ग के हजारों पदों पर भी भर्तियां हुई हैं।
आने वाले समय में भी भर्ती का सिलसिला जारी रहने वाला है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में यूपी पुलिस के अलग-अलग संवर्गों में 81 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती का ऐलान किया है।