सीट शेयरिंग में सपा की तरफ से कांग्रेस को 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर इमरान मसूद ने साधा निशाना
सांसद बोले- हमें वहीं लड़ना है, जहां हम रिजल्ट दे पाएंगे
बसपा के साथ कांग्रेस के गठबंधन की खबरों को सहारनपुर सांसद ने बताया महज अफवाह
Imran Masood Sharp Retort: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच चल रहे सीट शेयरिंग पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सख्त रुख अपनाया है। सीट शेयरिंग की बातचीत के बीच सपा द्वारा कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने और पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर उन्होंने कहा कि 26 सीटें आपने भीख दे दी क्या हमें? हम कबाड़ सीट नहीं लेंगे।
सहारनपुर लोकसभा सीट से सांसद इमरान मसूद ने कहा कि अगर आप हमें कबाड़ सीट दोगे तो हम नहीं लेंगे। आप लड़ लीजिए न उन सीटों पर, इतना आपको जीतने की क्षमता दिखाई दे रही है तो आप लड़ो वो सीट। हम क्यों लड़ेंगे? हमें वहीं लड़ना है, जहां हम रिजल्ट दे पाएंगे। अपने संगठन को, अपने नेताओं को, अपनी पार्टी को हमसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। हमारी जीतने की क्षमता को तय करने का अधिकार हमारी पार्टी का है, आपके पास नहीं होगा। आपकी पार्टी का अधिकार आपके पास है, आप करिए।
सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत के बीच सपा की ओर से कांग्रेस के 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। इस पर इमरान मसूद ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 26 सीटें आपने भीख दे दी क्या हमें? आप से भीख मांग रहे हैं? भीख मांग रहे हैं क्या आपसे हम? आप रखिए अपनी 26 सीटें अपने पास। हम भीख थोड़ी मांग रहे हैं आपसे।
सपा के इस प्रस्ताव पर कांग्रेस में आपसी सहमति के बारे में इमरान मसूद ने कहा कि जैसा राहुल गांधी का आदेश होगा वैसा ही होगा। बहुजन समाज पार्टी के साथ कांग्रेस के गठबंधन की खबरों को सहारनपुर सांसद ने बताया महज अफवाह।