

आजम खां डासना जेल से रिहा
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद हुई रिहाई
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में थे बंद
Azam Khan Released from Ghaziabad Jail: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान गाजियाबाद जिला कारागार से रिहा हो गए। उनकी रिहाई के मौके पर जेल के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लगा। उनके बेटे और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। रिहाई के बाद बेटे ने उत्साह जताते हुए कहा– टाइगर इज बैक।
आजम खान को लेने उनके बेटे एवं विधायक अब्दुल्ला आजम भी डासना जिला कारागार पहुंचे। जेल गेट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता को राजनीतिक साजिश के तहत जेल में रखा गया था, लेकिन न्यायालय ने सच का साथ दिया और आज वह आजाद होकर बाहर आ गए हैं।
डासना जेल से आजम खान रिहा हुए हैं तो लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस बीच लोगों ने आजम खान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। आजम खान लेने उनके बेटे अब्दुल आजम और अदीब खान पहुंचे है। जेल से निकलकर आजम खान अपने बेटों के साथ रामपुर जाएंगे।
जेल से निकालकर सपा नेता आजम खान ने सबसे पहले अपने बेटे को चूमा और दुलारा। इसके बाद उन्होंने अपने समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जेल से निकलते ही वो सीधे अपने गाड़ी में बैठे और अपने बेटों के साथ रामपुर के लिए निकल गए। इस दौरान आजम के समर्थक बेहद बेकाबू दिखे। उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान विधायक अब्दुल्ला आजम ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह का हुड़दंग न करें और पिता की रिहाई को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ईडी द्वारा की गई आजम खान की गिरफ्तारी को अवैध माना और उन्हें अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। इसके बाद गाजियाबाद कोर्ट में जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने पर बुधवार को उन्हें गाजियाबाद जिला कारागार से रिहा किया गया। हालांकि ईडी ने इस रिहाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है जिस पर फैसला 19 नवंबर को आएगा।