

लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं कैबिनेट मंत्री की मां
दारागंज शमशान घाट पर किया जाएगा दाह संस्कार
योगी समेत कई राजनेताओं ने व्यक्त की शोक संवेदना
UP Minister Nandi Expresses Grief: मां के जाने का वियोग किसी के लिए भी पीड़ादायक होता है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की मां 82 वर्षीय विमला देवी का बुधवार को निधन हो गया। इसकी जानकारी खुद नंदी ने सोशल मीडिया पर दी। वह लंबे समय से बीमारी थीं। नंदी की मां ने प्रयागराज स्थित नाजरेथ अस्पताल में अंतिम श्वास ली।
मंत्री नंदी ने एक भावुक पोस्ट में लिखा कि आज मां की छाया सर से दूर हो गयी। पिताजी के जाने के बाद मां ने ही परिवार को संभाला। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का संबल थी। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी थी।
नंद गोपाल गुप्ता नंदी की मां का दाह संस्कार दारागंज शमशान घाट पर किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए मंत्री ने लिखा कि अत्यंत वेदनापूर्वक सूचित करना पड़ रहा है कि पूजनीया माताजी का स्वर्गवास आज प्रातः काल हो गया है। यह हमारे परिवार के लिए बेहद कष्टप्रद और विपदायक समय है। माताजी के अग्नि संस्कार हेतु अंतिम यात्रा निज आवास बहादुरगंज से दारागंज शमशान घाट के लिए अपराह्न 3 बजे प्रस्थान करेगी।
इस बाबत सीएम योगी ने भी सहानुभूति व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' जी की पूज्य माता जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उर्जा मंत्री एके शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, बीजेपी एमपी रवि किशन समेत कई प्रमुख नेताओं ने नंदी की माता के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की।