Chhath Puja: लखनऊ में योगी ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल, गोमती तट पर उमड़ी भीड़

Lucknow Chhath Puja CM Yogi: लखनऊ में छठ महापर्व पर रविवार को गोमती नदी के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने फूल बरसाकर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
Lucknow Chhath Puja CM Yogi
छठ महापर्व पर गोमती तट श्रद्धालुओं की भीड़(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • लखनऊ में छठ पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब

  • 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालु मना रहे महापर्व

  • रातभर छठ घाट पर पहरा देगी पुलिस

Gomti Ghat Chhath Ghat: लखनऊ में छठ महापर्व पर रविवार को गोमती नदी के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गोमती तट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे।

व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी गोमती नदी के किनारे पहुंचकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की।

इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय भी मौजूद रहे।

Lucknow Chhath Puja CM Yogi
कौन हैं छठी मैया, क्यों की जाती है सूर्य की पूजा? जानें छठ महापर्व की कथा और 4 दिनों के नियम

योगी ने भोजपुरी में दीं छठ महापर्व की शुभकामनाएं

सीएम ने भोजपुरी भाषा में श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे। यह पर्व प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति आभार जताने का अवसर है। साथ ही यह श्रद्धा, पवित्रता और अनुशासन का संदेश भी देता है।

हर बेटी को सुरक्षा और परिवार में खुशहाली की कामना

सीएम योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जहां हर व्यक्ति अपनी आस्था और परंपरा के अनुसार त्योहार मना सकता है। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि हर बेटी को सुरक्षा मिले, हर परिवार में खुशहाली आए और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।

सामेवार को छठ महापर्व का समापन

आयोजक प्रभुनाथ राय ने बताया क‍ि छठ महापर्व को लेकर घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को संध्या अर्घ्य के बाद व्रती महिलाएं घर लौटेंगी और पूजा-पाठ करेंगी। इसके बाद सोमवार तड़के करीब चार बजे श्रद्धालु फिर छठ घाट पहुंचेंगे। यहां सूर्योदय तक भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना होगी।

व्रती महिलाएं कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने का इंतजार करेंगी। सूर्य देव के दर्शन होते ही उन्हें अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए रातभर अलर्ट रहेगी पुलिस

प्रभुनाथ राय ने कहा क‍ि महिलाओं की सुरक्षा के लिए रातभर पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया है। घाट पर नागरिक पुलिस, जल पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें तैनात हैं। शासन और प्रशासन के अधिकारी भी व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं, ताकि छठ महापर्व का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

लखनऊ में 15 लाख से ज्यादा लोग मना रहे छठ

उन्‍होंने कहा क‍ि छठ घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। हालांकि, रिवर फ्रंट बनने के बाद घाट पर जगह कुछ कम हो गई है। ऐसे में लोग अपने घरों की छतों और स्थानीय पार्कों में भी छठ महापर्व मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ में करीब 15 लाख से अधिक लोग छठ महापर्व मना रहे हैं।

गोमती तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम

छठ महापर्व को लेकर लक्ष्मण मेला मैदान और गोमती नदी के आसपास खास रौनक रही। शाम होते ही व्रती महिलाएं पूजा की सामग्री और प्रसाद के साथ घाटों पर पहुंचीं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी किनारे मौजूद रहे। सीएम और डिप्टी सीएम की मौजूदगी में श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा ने आयोजन को खास बना दिया।

छठ पर्व में व्रती महिलाएं कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करती हैं। संध्या अर्घ्य के बाद अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होता है। लखनऊ में भी इस अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Lucknow Chhath Puja CM Yogi
छठ पूजा से पहले घाट पर दिखा VIP कल्चर, वाराणसी में पुलिस लाइन के नाम पर घेरी जगह; आम श्रद्धालुओं ने उठाए सवाल