

कानपुर देहात में स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत
हादसे में दो यात्रियों की मौत, करीब 15 घायल
बस में 32 यात्री सवार थे, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल
Bus Truck Road Accident kanpur Dehat : उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में कोहरे की दस्तक के साथ हादसे की शुरुआत शुरू हो गई है।यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस की ट्रक में जोरदार भिड़ंत हो गई है।इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई है।बस में कुल 32 लोग सवार थे जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे।
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के खोजाफूल के पास गुरुवार सुबह 4:30 बजे के करीब उस वक्त हड़कंप मच गया जब यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर चीख पुकार मच गई जिससे ग्रामीण हाईवे पर पहुंच गए और राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
यात्रियों से भरी स्लीपर बस मेहंदीपुर बालाजी से कानपुर आ रही थी। इस दौरान स्लीपर बस के आगे चल रहे ट्रक से बस की भिड़ंत हो गई और बस उसमें पीछे से जा घुसी।
एसएसपी श्रद्धा पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। इस बस में कुल 32 लोग सवार थे जिसमें तीन बच्चे थे। घटनास्थल पर एंबुलेंस मंगाई गई। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जिनमें शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं और अन्य यात्रियों को भी मामूली चोट आई है।घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। हादसे के बाद एनएचएआई की टीम की मदद से हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया है।
एसएसपी ने आशंका जताई है कि जिस तरह से ठंड की शुरुआत हुई है और सुबह हाईवे पर कोहरा भी रहता है इसी के चलते हादसे की संभावना बढ़ गई है।फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है जांच की जा रही है।