

सआदतगंज ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ के घर फिर चला बुलडोजर
भारी पुलिस बल के साथ पहुंची LDA की टीम
कार्रवाई के दौरान देसी पिस्टल, तमंचा, एयरगन और 20 कारतूस बरामद
LDA ने सभी हथियार सआदतगंज पुलिस को सौंपे
Triple Murder Accused Home Bulldozer Action: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पर गुरुवार को एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम दो बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के मकान के आगे टीन से बने हिस्से को ढहा दिया गया।
इस दौरान घर के अंदर रखा कूलर, साइकिल और अन्य सामान मलबे में दब गया। बुलडोजर कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोग अपने घरों की छतों पर जमा हो गए।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात उस समय सामने आई, जब बुलडोजर कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से हथियार बरामद हुए। LDA की टीम को तलाशी के दौरान एक देसी पिस्टल, एक अवैध तमंचा, एक एयरगन और 20 कारतूस मिले।
घर से हथियार मिलने की सूचना से मौके पर हड़कंप मच गया। LDA की टीम ने बरामद सभी हथियार सआदतगंज पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने हथियारों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सआदतगंज में हुए ट्रिपल मर्डर ने राजधानी में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट पर भी सवाल उठे थे।
अब आरोपी के घर पर दोबारा बुलडोजर कार्रवाई और वहां से हथियारों की बरामदगी ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
बताते चलें कि ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद आरोपी के घर पर पहले भी बुलडोजर चलाया गया था। हालांकि, पहली कार्रवाई में केवल घर की बाउंड्रीवॉल गिराई गई थी। इसे लेकर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी थी।
लोगों की मांग थी कि आरोपी के अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में गुरुवार को एक बार फिर LDA की टीम ने कार्रवाई की।