

PMLA कोर्ट ने ED को आजम खान से पूछताछ के लिए 4 दिन की कस्टडी दी
जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण खर्च पर होगी पूछताछ
ED पहले ही जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और भवन कुर्क कर चुकी है
Johar University Money Laundering: गाजियाबाद की PMLA कोर्ट पूर्व मंत्री और सपा नेता मोहम्मद आजम खान को 4 दिन की रिमांड पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सौंपने का आदेश दिया है। हालांकि ED ने कोर्ट से 7 दिन का रिमांड मांगा था। ED अब उन्हें डासना जेल से कल तक लखनऊ कार्यालय ला सकती है, जहां पर पूछताछ होगी।
इस दौरान एजेंसी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण खर्च, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन और जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े सवाल पूछेगी। ED को जांच में निर्माण खर्च और ट्रस्ट के घोषित खर्च के बीच अंतर मिला है।
ED ने जुलाई 2019 में रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। इनमें आरोप था कि यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए सिंहनखेड़ा गांव के किसानों की कृषि भूमि जबरन कब्जाई गई। किसानों को कथित तौर पर धमकाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी।
आयकर विभाग की वैल्यूएशन रिपोर्ट में जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों की कीमत 494.46 करोड़ रुपए आंकी गई। वहीं, ट्रस्ट ने 2013-14 से 2024-25 के आयकर रिटर्न में 78.32 करोड़ रुपए का पूंजीगत खर्च दिखाया। दोनों आंकड़ों में 416.14 करोड़ रुपए का अंतर है। ED इस रकम के स्रोत की जांच कर रही है।
ED का आरोप है कि आजम खान के मंत्री रहने के दौरान सरकारी निर्माण कार्यों के लिए आवंटित धन और सामग्री का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी में किया गया। कुछ सरकारी ठेकेदारों की ओर से निर्माण सामग्री, रकम और ट्रस्ट को चंदा देने की भी जांच हो रही है। एजेंसी का दावा है कि जल निगम के जरिए यूनिवर्सिटी में हॉस्टल, अस्पताल और अन्य निर्माण कार्य कराए गए।
ED ने 28 अक्टूबर को यूनिवर्सिटी की जमीन और भवन कुर्क किए थे। इनकी बाजार कीमत करीब 1170 करोड़ और सरकारी कीमत 426.46 करोड़ रुपए आंकी गई थी। ये संपत्तियां मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के नाम पर हैं। आजम खान इसके संस्थापक और नियंत्रक हैं।
आजम खान को 31 अक्टूबर को दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से रिहा किया गया था। जेल से बाहर आते ही ED ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। 1 नवंबर को गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजा था।