557वें प्रकाश पर्व पर सीएम योगी बोले, सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा रहने तक भारत का कोई बाल बांका नहीं कर सकता

CM Yogi Prakash Parv Sikh Guru Lucknow: सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या, बलिदान और उनकी आध्यात्मिक चेतना भारत की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य धरोहर है।
CM Yogi addressing the 557th sacred Parkash Parv
557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते सीएम योगी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 557वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन

  • जाति, छुआछूत और अस्पृश्यता से विभाजित समाज को जोड़ने का माध्यम

  • चारों साहिबजादों की शहादत भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर

CM Yogi Occasion 557th Sacred Prakash Parv : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि जब तक भारत सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई ताकत उसका बाल बांका नहीं कर पाएगी। सिख गुरुओं का त्याग, तपस्या, बलिदान और उनकी आध्यात्मिक चेतना भारत की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य धरोहर है।

गुरु नानक देव जी महाराज ने 'एक ओंकार' के माध्यम से संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उस समय थीं। हमें इन शिक्षाओं को केवल आयोजनों तक सीमित न रखकर अपने जीवन में आत्मसात करना होगा और नई पीढ़ी को भी इनसे निरंतर परिचित कराना होगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मानवता को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश का मार्ग दिखाया

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत पवित्र है। वह प्रातः चार बजे से ही प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों से श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे।

मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु मां गंगा में स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में प्रातःकाल से अब तक लगभग 15 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, जबकि अमरोहा के तिगरी में भी 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई है।

प्रयागराज और फर्रुखाबाद में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। अयोध्या और काशी में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं।

'एक ओंकार' ने दिया सामाजिक एकता और समानता का संदेश

गुरु नानक देव जी महाराज की यात्राओं और उनके समय की सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उन्होंने मानवता को एकता का संदेश दिया, उस समय समाज अनेक प्रकार की विसंगतियों और विभाजनों से जूझ रहा था।

जाति, छुआछूत और अस्पृश्यता के नाम पर समाज बिखरा हुआ था। दूसरी ओर विदेशी आक्रमण और बाहरी हमलों की चुनौतियां भी थीं। ऐसे कठिन दौर में गुरु नानक देव जी महाराज ने 'एक ओंकार' का मंत्र देकर संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में बांधा।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज का स्पष्ट संदेश था कि ईश्वर एक है और हम सभी उसकी संतान हैं। इसलिए प्रत्येक मनुष्य समान सम्मान का अधिकारी है।

नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' में समाहित है जीवन का सार

सीएम ने गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' की व्याख्या करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, कीर्तन और सामूहिकता मनुष्य के भीतर सकारात्मक भाव पैदा करते हैं। इससे अज्ञानता दूर होती है और समाज में एकजुटता की शक्ति जागृत होती है।

उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी की पंक्ति 'श्रद्धावान् लभते ज्ञानम्' का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा के माध्यम से ही ज्ञान की प्राप्ति होती है। गुरु नानक देव जी महाराज भी कीर्तन के माध्यम से मनुष्य के भीतर श्रद्धा और सद्भाव का भाव जागृत करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने 'वंड छको' के सिद्धांत को सामाजिक समानता और सहभागिता का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि इसका आशय है कि कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे और सभी मिल-बांटकर भोजन करें।

CM Yogi addressing the 557th sacred Parkash Parv
Guruparv 2026: आखिर क्यों मनाया जाता है गुरुपर्व? जानें गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व का महत्व

चारों साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय

मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि अल्पायु में ही इन चारों साहिबजादों ने धर्म और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहीं, लेकिन विदेशी हुकूमत और आक्रांताओं के सामने कभी सिर नहीं झुकाया।

सात, नौ, 11 और 14 वर्ष की आयु में भी उनका संकल्प और निर्भीकता अद्वितीय थी। अपनी गुरु परंपरा, धर्म और मूल्यों के प्रति उनकी अडिग निष्ठा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।

लखनऊ के सिख गुरुद्वारों के सहयोग से चारों साहिबजादों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और युवा पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' के रूप में आयोजित करने की पहल को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वीर बाल दिवस का आयोजन विशेष महत्व रखता है।

सिख गुरुओं की यात्राओं ने सीमाओं से परे पहुंचाया मानवता का संदेश

सिख गुरुओं की आध्यात्मिक चेतना किसी एक स्थान या क्षेत्र तक सीमित नहीं थी। उन्होंने भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ देश की सीमाओं से बाहर तक यात्राएं और पदयात्राएं कीं। उनकी आध्यात्मिक शक्ति के साथ देश, धर्म और मानवता के लिए कुछ कर गुजरने की दृढ़ इच्छाशक्ति भी जुड़ी हुई थी।

यही कारण है कि उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर हम सभी का दायित्व है कि सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव बनाए रखें, उनके पवित्र विचारों को अपने आचरण में उतारें और उनके त्याग, तपस्या तथा योगदान से वर्तमान पीढ़ी को लगातार अवगत कराते रहें।

ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें। मुख्यमंत्री ने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में भी जाकर बड़े आयोजनों का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त हो।

CM Yogi addressing the 557th sacred Parkash Parv
Guru Nanak Jayanti: एक ओंकार से लेकर लंगर तक..जानें गुरु नानक देव ने कैसे फैलाया प्रेम व भाईचारे का संदेश