

सब इंस्पेक्टर की अस्पष्ट परिस्थितियों में मौत से रेलवे सुरक्षा बल के महकमे में मचा हडकंप
कुछ समय पहले बेटी को भेजा था मैसेज, बताया था अपनी जान का खतरा
परिवार ने आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उठाई है मांग
RPF Officer Feared Encounter Before Suspicious Death: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में RPF थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिन्हा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल के महकमे में भी हलचल मच गई है। मूल रूप से बिहार के नालंदा निवासी राकेश कुमार सिन्हा करीब चार महीने पहले ही ललितपुर RPF थाने में तैनात हुए थे।
इस मामले को और गंभीर बना रहा है मौत से कुछ समय पहले बेटी को भेजा गया उनका व्हाट्सएप मैसेज। बेटी के मुताबिक, पिता ने संदेश में अपनी जान का खतरा बताया था। उन्होंने RPF प्रभारी पर आरोप लगाते हुए आशंका जताई थी कि उनका एनकाउंटर कराया जा सकता है या फिर जहर देकर उनकी जान ली जा सकती है। बेटी का कहना है कि उनके पिता प्रभारी के व्यवहार से काफी परेशान थे और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
ललितपुर में हुई इस घटना के बाद अब परिजनों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मौत से पहले राकेश कुमार सिन्हा ने अपनी बेटी को इस तरह का संदेश क्यों भेजा था? क्या वह वास्तव में किसी दबाव या मानसिक प्रताड़ना से गुजर रहे थे? और अगर उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी, तो उनकी शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई?
हालांकि, दरोगा की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बेटी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
अब इस पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बेटी की ओर से प्रस्तुत किए गए व्हाट्सएप संदेश और संबंधित अधिकारियों की भूमिका जांच का अहम हिस्सा होंगे। फिलहाल, एक RPF दरोगा की संदिग्ध मौत और उससे पहले सामने आए जान के खतरे के संदेश ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं।