

KC Tyagi Joined RLD: बिहार की सत्ताधारी पार्टी जेडीयू (JDU) को बड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने पाला बदल लिया है। रविवार (22 मार्च) की सुबह उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम लिया। नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाने वाले त्यागी अब जयंत चौधरी की टीम का हिस्सा होंगे।
पार्टी में शामिल होते ही केसी त्यागी भावुक नजर आए। उन्होंने याद दिलाया कि उनका राजनीतिक सफर 52 साल पहले चौधरी चरण सिंह के साथ ही शुरू हुआ था। त्यागी ने कहा कि मैं यहां सांसद या विधायक बनने के लालच में नहीं आया हूं, बल्कि जयंत चौधरी के रूप में चौधरी चरण सिंह की छवि देखने आया हूं। मेरे लिए यह किसी घर वापसी से कम नहीं है।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने साफ किया कि उनके लिए जेडीयू और आरएलडी की विचारधारा एक ही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और चौधरी चरण सिंह, दोनों ही लोहिया और कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों पर चलते हैं। त्यागी ने यह भी ऐलान किया कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि जयंत चौधरी को मजबूत करने और चौधरी चरण सिंह के सपनों को पूरा करने में अपनी पूरी ताकत लगाएंगे।
केसी त्यागी का आरएलडी में जाना उत्तर प्रदेश, खासकर पश्चिमी यूपी की राजनीति के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है। त्यागी खुद गाजियाबाद के रहने वाले हैं और जाट समाज के बीच उनकी गहरी पैठ है। उनके लंबे अनुभव का फायदा आरएलडी को आगामी चुनावों में सीटों के समीकरण बिठाने में मिलेगा। हापुड़-गाजियाबाद से सांसद रह चुके त्यागी संगठन चलाने के माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं।
केसी त्यागी अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाते हैं। जेडीयू में रहते हुए भी उन्होंने कई बार बीजेपी और मोदी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए थे। चाहे वो अग्निपथ योजना पर दोबारा विचार करने की बात हो या यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और वन नेशन-वन इलेक्शन जैसे मुद्दे, त्यागी ने हमेशा अपनी पार्टी का अलग स्टैंड मजबूती से रखा, जिससे कई बार गठबंधन में तनाव की स्थिति बनी।