

Forced Conversion Allegation Kanpur: थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर पहुंचकर पुलिस से शिकायत करते हुए कानपुर के रहने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।महिला का आरोप है कि झूठ बोलकर पहले युवक ने उससे शादी की और उसके बाद 60 लाख रुपए ले लिए और अब जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है।
मूल रूप से हांगकांग की निवासी महिला वर्तमान समय में थाईलैंड में रहती है। महिला ने कानपुर कमिश्नरेट पहुंच कर अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह से शिकायत करते हुए कानपुर के लाटूश रोड पर रहने वाले इरफान नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि इरफान अपने बिजनेस के सिलसिले में थाईलैंड जाता था और महिला के घर पर ही रूकता था जिसके चलते उसने महिला से नजदीकियां बढ़ा ली।
पिछले 4 साल से दोनों के बीच संबंध है। इरफान ने खुद को कुंवारा बताते हुए 2 साल पहले महिला से शादी कर ली और इसके बाद अपने बिजनेस के नाम पर महिला से 60 लाख रुपए ले लिए और इसके बाद महिला से संपर्क कम कर दिया। महिला कानपुर पहुंची और महिला ने जब पता किया तो महिला को पता चला कि इरफान की 12 साल पहले ही शादी हो चुकी है और इरफान के तीन बच्चे भी हैं।
जिसके बाद महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो महिला ने इरफान से अपने रुपए वापस मांगे। जिसके बाद इरफान थाईलैंड से आई महिला पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का और इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इरफान लगातार उस पर बुर्का पहनने का दबाव बनाता था।
विदेशी महिला के अधिवक्ता महताब आलम ने बताया कि अपर पुलिस उपायुक्त से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई गई है। महिला ने अपने सभी साक्ष्य पुलिस को दिखा दिए हैं। कुछ फोटोग्राफ भी पुलिस को दिखाई गई है। पुलिस ने जांच करने का आश्वासन दिया है।
अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने जानकारी दी कि थाईलैंड की महिला अपने वकील के साथ आई थी। उन्होंने कानपुर के लाटूश रोड पर रहने वाले इरफान नाम के युवक पर आरोप लगाते हुए शिकायत की है। साथ ही कई फोटोग्राफ्स और अन्य रुपयों के लेनदेन के साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं जिसकी जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।