

कानपुर के सोहन पाल पिछले 18 दिनों से रूस में लापता, नवभारत लाइव ने खबर को प्रमुखता से दिखाया था
एक्शन में आई पुलिस, परिजनों से तहरीर पर मुकदमा दर्ज, भारतीय दूतावास से पत्राचार भी शुरू
डीसीपी ने दिलाया परिवार को भरोसा: पुलिस सोहन को वापस लाने के हरसंभव प्रयास कर रही
Sohan Pal Missing Case Kanpur Police Register FIR: कानपुर के पनकी का रहने वाला सोहन पाल पिछले 18 दिनों से रूस में लापता हो गया है। पुलिस और जिलाधिकारी से न्याय के गुहार लगाते लगाते थक जाने के बाद सोहन पाल की बहन खुशबू पाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई।
इस खबर को नवभारत लाइव में प्रमुखता से दिखाया गया जिसके बाद पुलिस भी एक्शन में आई और परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत किया है। इसके साथ ही भारतीय दूतावास से पत्राचार भी शुरू कर दिया है।
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिमी जोन के पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर के रहने वाले सोहन पाल को जल्द वापस लाने की तैयारी शुरू कर दी है। सोहन पाल 11 अक्टूबर को कानपुर से रूस के लिए निकला था। 15 अक्टूबर को वह रूस पहुंच गया था इसके बाद 4 नवंबर तक उसकी परिजनों से बात हुई।
भैया दूज पर घर आने की बात कहने के बाद चार नवंबर से परिजनों से उसका संपर्क टूट गया। सोहन पाल से संपर्क न होने पर उसके परिजन पुलिस के पास पहुंचे तो उनको कोई उचित जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने जिलाधिकारी की चौखट पर जाकर गुहार लगाई लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सोहन पाल की बहन खुशबू पाल ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और न्याय की गुहार प्रधानमंत्री से लगाते हुए वीडियो अपलोड कर दिया। इसके बाद नवभारत लाइव ने इस खबर को प्रमुखता से दिखाए।
हमारे संवाददाता सोहन पाल के घर पहुंचे जहां घर के बाहर बैठी सोहन पाल की मां मिली जिनकी आंखों में आंसू थे और वह घर के बाहर बैठे अपने बेटे का इंतजार कर रही थी। नवभारत लाइव पर खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस एक्शन में दिखाई दी और कार्रवाई शुरू कर दी।
कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन के डीसीपी कासिम आबिदी ने बताया कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है। परिजनों से बात की गई जिस पर परिजनों ने बताया कि उनके क्षेत्र के ही रहने वाले रोमी पाल ने सोहन पाल को रूस भेजने में मदद करी और उसी के बहकावे में आकर सोहन पाल रूस चला गया।
परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पनकी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। परिजनों का आरोप था कि उनके भाई से संपर्क नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त फिरौती का मैसेज भी भेजा गया जिसमें 4 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। डीसीपी का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत कर नामजद अभियुक्त को हिरासत में लिया गया है, पूछताछ की जा रही है।
घटना के खुलासे के लिए उपनिरीक्षक पवन मिश्रा के नेतृत्व में स्वाट टीम, उप निरीक्षक राजन यादव के नेतृत्व में सर्विलांस और साइबर सेल की टीम और थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पनकी थाने की एक पुलिस टीम गठित कर दी गई है। फिरौती के मैसेज के सोर्स का पता लगाया जा रहा है।
इसके साथ ही रूस में लापता व्यक्ति को ढूंढने के लिए सभी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारतीय दूतावास से पत्राचार किया गया है दूतावास में संपर्क भी किया जा रहा है। डीसीपी ने कहा पुलिस सोहन पाल को वापस लाने के जल्द से जल्द वापस लाने के हरसंभव प्रयास कर रही है।