

Kanpur RTO Agents Detained: कानपुर कमिश्नरेट पुलिस के एडीसीपी एसओजी सुमित सुधाकर रामटेक और एसडीएम सदर अनुभव सिंह के नेतृत्व में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने कानपुर आरटीओ परिसर में रेड की। छापेमारी के दौरान आरटीओ परिसर छावनी में तब्दील हो गया छापा डालने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आरटीओ में आने जाने वाले दोनों गेटों पर मोर्चा संभाल लिया और दोनों गेटों पर ताला डाल दिया इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पूरे परिसर में चेकिंग शुरू की।
छापेमारी के दौरान आरटीओ परिसर में कार्य कराने पहुंचे कई आम लोग भी अंदर ही फंस गए। इस दौरान ड्रोन कैमरे से पूरे परिसर की निगरानी होती रही। फिल्मी स्टाइल में डाली गई रेड से आरटीओ विभाग के साथ-साथ दलालों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने 22 एजेंट को हिरासत में लिया है जोकि आरटीओ परिसर में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त बताये जा रहे हैं।
कार्रवाई इतनी सख्त थी की सभी की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। यह छापेमारी सोमवार दोपहर 1:40 पर शुरू हुई थी। क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा पकड़े गए 22 लोगों के दस्तावेज की जांच करने के साथ-साथ अन्य पड़ताल भी की जा रही है।
अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और क्राइम ब्रांच की टीमों के पहुंचते ही आरटीओ कार्यालय में हड़कंप मच गया। दोनों प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच भी कार्रवाई को लेकर खलबली मची रही। परिसर में मौजूद लोगों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रही।
कार्रवाई को लेकर कानपुर पुलिस ने कोई ढिलाई नहीं बरती। आरटीओ परिसर के ऊपर ड्रोन उड़ाकर निगरानी की गई। माना जा रहा है कि टीम यह सुनिश्चित करना चाहती थी कि कार्रवाई के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति परिसर के किसी हिस्से में छिपकर निकलने से बच न जाए।
एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने आरटीओ परिसर के कमरा नंबर 6 में स्थित कैश काउंटर की जांच की । यहां फिटनेस समेत अन्य मामलों की रकम जमा होती है। इस काउंटर पर वरिष्ठ लिपिक विपिन श्रीवास्तव फिटनेस व अन्य मामलों का कैश जमा करते हैं।
जांच में यह बात सामने आई है कि कई अधिकारी कैश का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं। कार्रवाई का फोकस आरटीओ परिसर में कथित तौर पर सक्रिय दलाली के नेटवर्क की परतें खोलने पर बताया जा रहा है।