

Food Safety Inspection Kanpur Cafe: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को कानपुर के कारगिल पार्क, मोतीझील स्थित द कैफे पाई का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान के किचन में साफ-सफाई और हाइजीन की स्थिति बेहद खराब मिली। द कैफे पाई के डीप फ्रीजर के कोनों में धूल, सब्जियों के छिलके, सॉस और मेयोनीज के अवशेष के साथ गंदगी की मोटी परत जमी मिली। फर्श और दीवारों पर धूल व चिकनाई थी, जबकि एग्जॉस्ट फैन पर भी धूल और तेल की मोटी परत जमा पाई गई।
निरीक्षण के दौरान किचन परिसर में जगह-जगह चूहों के बिल भी मिले। कीड़े-मकोड़ों, चूहों और अन्य जीव-जंतुओं की रोकथाम के लिए पेस्ट कंट्रोल कराए जाने से संबंधित कोई दस्तावेज प्रतिष्ठान की ओर से प्रस्तुत नहीं किया जा सका। किचन की नियमित साफ-सफाई से संबंधित रिकॉर्ड भी मौके पर उपलब्ध नहीं मिला।
खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी प्रमाणपत्र भी निरीक्षण टीम के सामने प्रस्तुत नहीं किए गए। शेफ का हाइजीन संबंधी प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिला। खाद्य निर्माण में लगे कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कवर के काम करते पाए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर ग्रीन चिली सॉस और सॉस के नमूने संग्रहित किए। किचन में मिली गंदगी और खराब हाइजीन व्यवस्था को देखते हुए परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त होने तक प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार बंद करा दिया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किचन की हाइजीन स्थिति अत्यधिक खराब पाई गई। पेस्ट कंट्रोल, साफ-सफाई तथा खाद्य निर्माण से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य और हाइजीन संबंधी आवश्यक अभिलेख भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए।
गुणवत्ता की जांच के लिए ग्रीन चिली सॉस और सॉस के नमूने भी लिए गए हैं। परिसर में समुचित साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था सुनिश्चित होने तक खाद्य कारोबार बंद रहेगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।