हरियाणा में बल्लभगढ़-जेवर एक्सप्रेसवे पर फ्लाईओवर से गिरी क्रेन, 6 लोगों की दर्दनाक मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Ballabhgarh Accident: हरियाणा के बल्लभगढ़-जेवर एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को भीषण हादसा हो गया है। पन्हेरा खुर्द गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर ये हादसा हुआ। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है।
ballabhgarh Flyover Accident
बल्लभगढ़-जेवर एक्सप्रेसवे पर फ्लाईओवर से गिरी क्रेन (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Ballabhgarh Jewar Expressway Accident: हरियाणा के बल्लभगढ़-जेवर एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को भीषण हादसा हो गया है। पन्हेरा खुर्द गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर ये हादसा हुआ। फ्लाईओवर के ऊपर से एक क्रेन अचानक नीचे गिर गई। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। हालांकि अभी मौत की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। बचाव दल द्वारा दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हरियाणा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ हादसा?

बता दें कि इस इलाके में दोपहर के वक्त तेज बारिश हुई थी, जिससे निर्माण स्थल पर भारी कीचड़ और फिसलन हो गई। बारिश रुकने के कुछ देर बाद मजदूर दोबारा काम पर लग गए। गार्डर उठाने का काम चल रहा था। इसी दौरान कीचड़ की वजह से क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वो तेजी से पलट गई। चश्मदीदों के अनुसार, हादसे के वक्त वहां पर कई मजदूर मौजूद थे। क्रेन के नीचे मजदूर दब गए। आसपास काम कर रहे अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस, निर्माण कंपनी के स्टाफ और ग्रामीणों ने मिलकर मशीनों की मदद से क्रेन को हटाने और दबे लोगों को निकालने की कोशिश की। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। अब तक 3 मजदूरों के मौत की पुष्टि हुई है।

जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी बढ़ाने वाला प्रोजेक्ट

ये हादसा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी महत्वाकांक्षी कनेक्टिविटी परियोजना का हिस्सा है। नोएडा एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने के लिए एक्सप्रेसवे और फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं।

फरीदाबाद से जेवर तक का ये कॉरिडोर आने वाले वक्त में हजारों वाहनों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता बनेगा। इस प्रोजेक्ट में कई फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड और अंडरपास भी शामिल हैं। ऐसे में तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान न देने के भी आरोप लगते रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com