केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी, अज्ञात नंबर से आया फोन, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Jayant Chaudhary News: जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी उनके PA विश्वेंद्र शाह को फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए दी गई है।
Jayant Chaudhary Death Threat
जयंत चौधरी, (प्रमुख, आरएलडी)
Published on
Updated on

Jayant Chaudhary Death Threat: मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यह धमकी उनके निजी सहायक (PA) विश्वेंद्र शाह को फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए दी गई है।

धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी "इस्माइल" के रूप में बताई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि जयंत चौधरी को जान से मारने की सीधी धमकी भी दी।

दिल्ली पुलिस ने शुरू की जांच

इस गंभीर मामले की शिकायत दिल्ली के तुगलक रोड थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले ही जयंत चौधरी एक कार्यक्रम के सिलसिले में बंगाल के दौरे पर गए थे, जिसके बाद यह धमकी भरा कॉल आया है। केंद्रीय मंत्री को मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। पश्चिम बंगाल पुलिस से भी इस मामले में संपर्क साधा जा सकता है ताकि आरोपी 'इस्माइल' की पहचान और गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो सके।

क्या कहा जयंत चौधरी के PA ने?

केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, "दो दिन पहले मंत्री जयंती चौधरी अपने आवास से संसद के लिए निकले थे। संसद पहुंचने के बाद एक फोन आया था। लगातार तीन से चार बार कॉल किए गए थे। एक बार जब फोन उठाया गया तो दूसरी तरफ से सीधे गोली मारने की धमकी दी गई थी। उसने बोला कि जो फोटो भेजी है वो देखी है या नहीं देखी है। मैंने फोन कट होने के बाद जैसे ही व्हाट्सअप पर फोटो को देखा तो उसमें मंत्री जयंत चौधरी की आधिकारिक यात्राओं का शेड्यूल था। उस शेड्यूल के साथ व्हाट्सअप पर भेजे गए एक फोटो में सीधे गोली मारने की बात का भी उल्लेख था।"

उन्होंने बताया, "जिस जिले में मंत्री का दौरा होता है, तो इसके लिए एक पूरा शेड्यूल होता है। उसे सिर्फ जिले के अधिकारियों के पास भेजा जाता है, लेकिन वह शेड्यूल धमकी देने वाले व्यक्ति के पास था। धमकी देने वाले व्यक्ति के पास मंत्री जयंत चौधरी के आगरा के कार्यक्रम का शेड्यूल था।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com