मेस के लिए आया सिलेंडर अधिकारियों के घर पहुंचा, 10 दिनों से नहीं मिल रहा खाना, पुलिस लाइन में जवान परेशान

Police Line Mess Closed: गढ़वा जिला पुलिस लाइन का सामूहिक मेस पिछले 10 दिनों से गैस की कमी के कारण बंद पड़ा है, जबकि रिजर्व बल का मेस भी बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।
Cylinder Intended for Mess Delivered to Officers' Homes; No Food Available for 10 Days—Personnel at Police Lines Distressed.
10 दिनों से नहीं मिल रहा पुलिस लाइन में खाना (Image- Social Media)
Published on
Updated on

LPG Shortage News: जिले में रसोई गैस की किल्लत अब साफ तौर पर दिखाई देने लगी है। गढ़वा जिला पुलिस लाइन का सामूहिक मेस पिछले 10 दिनों से गैस की कमी के कारण बंद पड़ा है, जबकि रिजर्व बल का मेस भी बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। इस वजह से पुलिस जवानों को खाने के लिए भटकना पड़ रहा है और उन्हें ज्यादा खर्च भी करना पड़ रहा है।

गढ़वा जिला पुलिस लाइन में करीब 500 पुलिसकर्मी और उनके परिवार रहते हैं। यहीं स्थित सामूहिक मेस में पहले जवानों को मात्र 60 रुपये में भरपेट भोजन मिल जाता था, लेकिन अब गैस की कमी के चलते मेस बंद है। बाहर खाना न केवल महंगा पड़ रहा है, बल्कि पर्याप्त भोजन भी नहीं मिल पा रहा है।

अधिकारियों के आवास तक भेज दिया सिलेंडर

मामले में चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष ने अधिकारियों को जानकारी दी। पता चला कि मेस के लिए उठाए गए एलपीजी सिलेंडर मेस तक पहुंचने के बजाय कुछ अधिकारियों के आवास तक भेज दिए गए। इस पर जिला पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुशवाहा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस स्थिति में जवानों को खाना कैसे उपलब्ध कराया जाए। वहीं, रिजर्व बल का मेस भी बंद होने की स्थिति में है। यहां के करीब 50 जवान चुनाव ड्यूटी के लिए पश्चिम बंगाल गए हुए हैं, जबकि बाकी जवान केवल एक सिलेंडर के सहारे काम चला रहे हैं। आशंका है कि यहां भी मेस बंद करना पड़ सकता है।

पिछले 10 दिनों से मेस बंद

पुलिस लाइन मेस के मैनेजर के अनुसार, मेस में लगभग 200 जवान पंजीकृत हैं, जो दिन में दो बार भोजन करते हैं। गैस की कमी के कारण पिछले 10 दिनों से मेस बंद है, जिससे जवानों को बाहर होटलों में महंगा खाना खाना पड़ रहा है। शहर में गैस की कमी के कारण कई होटल भी बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

इस मामले पर जिला उपायुक्त दिनेश यादव ने एलपीजी वितरकों और कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण गैस सप्लाई में कुछ दिक्कतें आई हैं, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य करने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल लोगों से घबराने की जरूरत नहीं है, हालांकि थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com