जौनपुर में सड़क पर मौत का तांडव, बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में पांच की मौत, 15 घायल

Jaunpur Road Accident: मंगलवार देर रात जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में गुरैनी पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।
jaunpur road accident
जौनपुर सड़क हादसे में घायल लोग, फोटो: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Road Accident in Jaunpur: जौनपुर में बीती रात दर्दनाक हादसा हुआ। घटना रात के करीब 10:45 बजे हुई, जब जौनपुर की ओर से आ रही वाराणसी डिपो की रोडवेज बस और शाहगंज की ओर से आ रहा ट्रक आमने-सामने भिड़ गए।

इस दुर्घटना में एक दो वर्षीय बच्ची, दो महिलाएं और दो पुरुषों की मौत हुई है। खेतासराय थानाध्यक्ष रामआसरे राय ने बताया कि मृतकों में खुटहन थाना क्षेत्र के देवी प्रसाद (32) और आजमगढ़ जिले की गेना देवी (59) की पहचान हो चुकी है। अन्य तीन मृतकों की पहचान के लिए परिजनों को सूचना दी गई है।

बस ड्राइवर की गलती से हुआ हादसा

पुलिस जांच में पता चला कि बस ड्राइवर ने दाहिनी ओर वाहन काटा, जिससे सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के वक्त बस में कुल 22 यात्री सवार थे, जिनमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल भिजवाया।

जिला अस्पताल में इलाज जारी, एक को बनारस रेफर

जौनपुर की तरफ से आ रही बस और शाहगंज की तरफ से आ रही ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और लगभग 15 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में मरने वालों में एक दो साल की बच्ची, दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। इनमें से एक को वाराणसी रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जारी है। घटना स्थल पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं।

डीएम ने किया दौरा

हादसे की सूचना मिलते ही जौनपुर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। डीएम ने बताया कि जिला अस्पताल में कुल सात लोग भर्ती हुए थे, जिनमें पांच की मौत हो गई, दो का इलाज जारी है। पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को सूचना दी जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com