UP: हाथरस में चचेरे भाई ने खेली खूनी होली, दो नाबालिग बहनों का रेत दिया गला, डिनर के बाद कर डाला भयंकर कांड

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक युवक ने कथित तौर पर गला रेत कर अपनी दो चचेरी बहनों की हत्या कर दी और पूरे परिवार को खत्म करने के इरादे से अपने चाचा-चाची पर भी जानलेवा हमला कर दिया।
हाथरस: दो नाबालिग बहनों की गला रेतकर हत्या, माता-पिता पर भी जानलेवा हमला किया
हाथरस में दो बहनों की हत्या
Updated on

हाथरस: उत्तर प्रदेश से मिली एक सनसनीखेज खबर के अनुसार के हाथरस जिले में एक युवक ने कथित तौर पर गला रेत कर अपनी दो चचेरी बहनों की हत्या कर दी और पूरे परिवार को खत्म करने के इरादे से अपने चाचा-चाची पर भी जानलेवा हमला कर दिया।

घटना पर पुलिस ने आज जानकारी देते हुए बताया कि निर्मम हत्या की यह घटना हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र में आशीर्वाद धाम कॉलोनी में बीते बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात हुई। आरोपी विकास ने कथित तौर पर अपनी दो चचेरी बहनों सृष्टि (14 साल) और विधि (6 साल) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी, जिसके बाद उसने अपने चाचा छोटे लाल गौतम और चाची वीरांगना उर्फ गौरी पर भी हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हमले में गौतम और गौरी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसा भी संदेह जताया जा रहा है कि संभवत: पारिवारिक विवाद में विकास ने हमला किया, हालांकि पुलिस ने कहा कि हत्या का स्पष्ट कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मूलरूप से फतेहपुर के निवासी छोटेलाल मीतई स्थित जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज में व्याख्याता हैं और इन दिनों अपनी पत्नी तथा बेटियों के साथ आशीर्वाद धाम कॉलोनी में रह रहे थे।

घटना पर पुलिस के अनुसार, बीते एक साल से लकवाग्रस्त होने के कारण गौतम बिस्तर पर रहते हैं। हाथरस के SP चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि गौतम का भतीजा विकास अपने एक साथी के संग 22 जनवरी की रात करीब नौ बजे उनके घर आया। उन्होंने कहा, ‘‘खाना खाने के बाद वे सभी सोने चले गए। रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच विकास और उसके साथी ने धारदार हथियारों से परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें गौतम की दोनों बेटियों की मौत हो गई और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।''

वहीं गौरी के चिल्लाने पर हमलावर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर अन्य किराएदार और पड़ोसी इकट्ठा हुए तथा पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि दंपति को जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस बाबत SP सिन्हा ने कहा, ‘‘गौतम और उनकी पत्नी जीवित हैं लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। गौरी के बयान के अनुसार, उनकी बेटियों पर विकास ने हमला किया। प्रासंगिक धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।'' वहीं पुलिस को कॉलोनी के निवासियों ने यह भी बताया कि विकास अक्सर गौतम के परिवार से मिलने आता रहता था।

(एजेंसी इनपुट के साथ) 

Navbharat Live
navbharatlive.com