हरदोई में बड़ा हादसा! NH-731 पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, मलबे में दबे कई मजदूर, CM योगी ने लिया संज्ञान

Hardoi Bridge Slab Collapse: यूपी के हरदोई में लखनऊ-पलिया हाईवे (NH-731) पर शारदा नहर के ऊपर 70 फुट निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। कई मजदूर घायल हो गए है।
hardoi accident
निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा (सौजन्य-एक्स)
Published on
Updated on

Hardoi NH 731 Bridge Collapse UP: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-731) पर शारदा नहर के ऊपर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का भारी-भरकम करीब 70 फीट लंबा स्लैब अचानक नीचे गिर गया। इस हादसे में वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे की चपेट में आ गए और घायल हो गए। इस हादसे के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरसीएल (RCL) कंपनी द्वारा इस पुल का निर्माण कार्य कराया किया जा रहा है। सोमवार सुबह पुल पर सीमेंट के भारी-भरकम करीब 70 फीट लंबी स्लैब को ऊपर चढ़ाने का काम चल रहा था।

दो बड़ी क्रेनों की मदद से भारी-भरकम स्लैब को उठाया जा रहा था, तभी इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक एक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और धड़ाम से नीचे आ गिरा। इस हादसे में वहां काम कर रहे मजदूर स्लैब के नीचे दब गए।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

हादसे की खबर से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला मजिस्ट्रेट अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना और शाहाबाद के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट सुशील कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे को हटाने और उसके नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत कई JCB मशीनें, अतिरिक्त क्रेन और एम्बुलेंस बुलाई गईं। काफी मशक्कत के बाद, मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

घायलों को मेडिकल कॉलेज में किया रेफर

मलबे में दबे घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी टोडरपुर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में इलाज के लिए ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घायलों में सिधौली के रहने वाले 30 वर्षीय राहुल और 35 वर्षीय गेंदालाल की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया हादसे का संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई के टोडरपुर में पुल का गर्डर गिरने की घटना का संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को SDRF टीमों की मदद से बचाव कार्यों को तेज करने, प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

Navbharat Live
navbharatlive.com