धुएं के गुबार से सहमा ग्रेटर नोएडा; हाफीजपुर बस्ती में भीषण आग, अग्निकांड में लोगों ने भागकर बचाई जान

Greater Noida Dankaur Slum Fire: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में हाफीजपुर गांव की झुग्गियों में भीषण आग लग गई। हादसे में 20 से 25 झोपड़ियां जलकर राख। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है।
Greater Noida Shaken by Plumes of Smoke; Massive Fire Erupts in Hafizpur Settlement—Residents Flee for Their Lives
ग्रेटर नोएडा के दनकौर में हाफीजपुर गांव की झुग्गियों में भीषण आग (फोटो सोर्स- आईएएनएस)
Updated on

Hafizpur Village Fire Shanties Burnt: ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को हाफीजपुर गांव स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में अचानक भीषण आग लग गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में करीब 20 से ज्यादा झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंचकर बचाव कार्य किया।

इलाके में फैला आग का गुब्बार

इस हादसे में आग की लपटों से आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। इससे लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग लगने के दौरान झुग्गियों में रह रहे लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। तेजी से आग फैलने के कारण लोग अपना सामान भी सुरक्षित नहीं निकाल पाए। इससे कई परिवारों का घरेलू सामान, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरत का सामान जलकर राख हो गया।

मिनटों में जलीं झोपड़ियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में एक के बाद एक झोपड़ियां जलने लगीं। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

फायर ब्रिगेड टीम ने की त्वरित कार्रवाई

हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आज थाना दनकौर क्षेत्र के ग्राम हाफीजपुर स्थित झुग्गी-झोपड़ी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर करीब 20-25 झोपड़ियों में आग लगी हुई पाई गई। फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

किसी प्रकार की नहीं हुई जनहानि

राहतभरी बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन द्वारा इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ हादसे में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई। अभी तक बस्ती में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री से आग की आशंका जताई जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com