

भाजपा अध्यक्ष के दौरे पहले पुलिस की कार्रवाई
कांग्रेस नेताओं ने हाउस अरेस्ट का आरोप लगाया
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव को खजनी पुलिस ने हिरासत में रखा
Congress Leaders Detained: गोरखपुर में बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे और प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। कार्यक्रम से पहले पुलिस ने कांग्रेस और उससे जुड़े संगठनों के कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कुछ को हाउस अरेस्ट किया गया है, जबकि कुछ नेताओं को हिरासत में लिया गया है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव और प्रवक्ता अंकित पांडेय टाइगर को खजनी थाने की पुलिस ने कथित तौर पर बुधवार देर रात से हिरासत में रखा है। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अंकित पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लोकतंत्र बचाने के लिए पदयात्रा कर रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ विपक्षी नेताओं को आधी रात में उनके घरों से उठाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह कैसा लोकतंत्र है, जिसमें विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई में कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सूरज यादव, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष विख्यात भट्ट, एनएसयूआई नेता ऋषि यादव और एआईसीसी सदस्य स्नेहलता गौतम समेत कई अन्य नेता भी शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम से पहले विपक्षी नेताओं को घरों में नजरबंद और हिरासत में लेकर उनकी राजनीतिक गतिविधियां रोकने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने इस कार्रवाई को लेकर लोकतांत्रिक अधिकारों और विपक्ष की आवाज उठाने की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए हैं।
वहीं, पुलिस की ओर से इन कार्रवाइयों पर अभी तक आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। हिरासत में लिए गए नेताओं की संख्या की भी पुष्टि होना बाकी है। फिलहाल नितिन नवीन के दौरे से पहले गोरखपुर में पुलिस की कार्रवाई और सियासी गतिविधियां चर्चा में हैं।
रिपोर्ट- अनुराग मिश्रा