

Highlights
यूपी दौरे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
गोरखपुर में पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे
नितिन नवीन दोपहर करीब 12 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे
BJP Nitin Nabin Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज 4 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह उनके दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे का हिस्सा है।
नितिन नवीन दोपहर करीब 12 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल की प्रतिमा के पास स्थित माता काली मंदिर पर समाप्त होगी।
इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल होने वाले हैं। पार्टी ने इस कार्यक्रम में 40 से 50 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ भाजपा का देशव्यापी अभियान है। पार्टी इसे लोकतंत्र को मजबूत करने और अराजकता के खिलाफ आवाज उठाने के रूप में पेश कर रही है। यह अभियान ऐसे समय में चल रहा है जब विपक्षी दलों के साथ चुनावी प्रक्रिया और संबंधित मुद्दों पर राजनीतिक टकराव जारी है।
इंडिया गठबंधन के नेता लगातार चुनाव में गड़बड़ी का आरोप बीजेपी पर लगा रहे हैं। सीईसी के खिलाफ कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टी हल्ला बोल रही है।
नितिन नवीन इससे पहले दिल्ली, हरियाणा, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी इसी अभियान के तहत मार्च की अगुवाई कर चुके हैं। पदयात्रा के बाद नितिन नवीन तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन पहुंचेंगे। वहां वे समाज के प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करेंगे। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों और उत्तर प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी होगी। 5 नवंबर को सुबह वे बाबा गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और वर्तमान संगठनात्मक इकाइयों के साथ बैठकें होंगी।
इन बैठकों का मकसद आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करना बताया जा रहा है।
गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है। यहां से इस अभियान और संगठनात्मक बैठकों की शुरुआत को पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। नितिन नवीन का यह दौरा सिर्फ एक पदयात्रा तक सीमित नहीं है। इसमें संगठन की समीक्षा, अनुभवों का आदान-प्रदान और चुनावी रणनीति पर चर्चा भी शामिल है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चलाने के लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां की गई हैं।