

सीएम योगी ने गोरखपुर से दी चेतावनी- उपद्रव करने वाले माफिया को मिट्टी में मिला दूंगा
14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत को लेकर सीएम योगी ने दिखाए सख्त तेवर
अखिलेश यादव पर साधा निशाना- इन्होंने शोक का एक शब्द तक नहीं कहा
CM Yogi Adityanath Mafia Crackdown Statement: गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA यात्रा के दौरान JCB की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत को लेकर सीएम योगी ने कड़ा रुख अपनाया है। अखिलेश यादव के रथयात्रा के अगले दिन सीएम योगी ने गोरखपुर में सख्त तेवर दिखते हुए कहा कि सड़क पर मासूम की हत्या के दोषियों को बक्शा नहीं जायेगा, पीड़ित परिवार से खुद मिलूंगा, उपद्रव करने वाले माफिया को मिट्टी में मिला दूंगा।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि अगर कोई भी माफियागिरी करने की कोशिश करता है, तो उस माफिया को धूल चटाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। समाजवादी पार्टी का मतलब ही गुंडागर्दी, अराजकता, दंगे और कर्फ्यू है। हर माफिया इनका साथी रहा है, और इन्होंने हमेशा जनता को धोखा दिया है।
उन्होंने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही इन गुंडों और माफियाओं को तब तक सुधारा नहीं जा सकता जब तक कि कानून के जोर से इन्हें सीधा न कर दिया जाए - और हमारी सरकार ठीक यही कर रही है। हमने इनकी गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है, और अब हम इन पर फिर से शिकंजा कसने की तैयारी कर रहे हैं।
आर्यवर्धन सिंह की मौत को लेकर सीएम ने कहा कि झंगहा से यहाँ पढ़ने आए उस 12-13 साल के मासूम बच्चे का क्या कसूर था? उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई, और इनकी बेशर्मी तो देखिए - इन्होंने शोक का एक शब्द तक नहीं कहा। मैं आज पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा हूँ। हमने प्रशासन को निर्देश दिया है कि कल सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को खोजकर निकाला जाए और उन्हें ऐसी सजा दी जाए जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
बता दें कि सीएम योगी यूपी के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमिपूजन सहित ₹792 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम में अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर अखिलेश वहां से अपना नामांकन दाखिल करते हैं, तो मैं भी अपना नामांकन दाखिल करूंगा।
उन्होंने कहा कि आइए, आमने-सामने का सीधा मुकाबला हो जाए। उनमें सीधे लड़ने की हिम्मत नहीं है, क्योंकि एक कमजोर इंसान हमेशा पीछे से वार करता है। ये वही लोग हैं जिन्होंने माफिया के दम पर उत्तर प्रदेश को रौंदा, युवाओं के रोजगार को बर्बाद किया और हमारी बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डाला।