बेटे की सीट पर अखिलेश की एंट्री, मंत्री संजय निषाद के बागी तेवर! 2027 का क्या है कनेक्शन?

Akhilesh Yadav PDA Yatra Sanjay Nishad Protest: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पूर्वांचल की राजनीति में बुधवार को दो ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्होंने सियासी हलचल बढ़ा दी।
Akhilesh Yadav Sanjay Nishad Politics
मंत्री संजय निषाद व अखिलेश यादव(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अखिलेश ने चौरीचौरा में PDA रथयात्रा से 2027 का बिगुल फूंका

  • संजय निषाद निषाद आरक्षण की मांग पर अपनी सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे

  • पंकज चौधरी के आश्वासन के बाद धरना खत्म किया

Akhilesh Yadav Sanjay Nishad Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पूर्वांचल की राजनीति में बुधवार को दो ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्होंने सियासी हलचल बढ़ा दी। एक तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर की चौरीचौरा विधानसभा में PDA रथयात्रा और जनसभा के जरिए चुनावी हुंकार भरी।

दूसरी तरफ निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए।

खास बात यह है कि चौरीचौरा विधानसभा सीट से संजय निषाद के बेटे श्रवण निषाद विधायक हैं। ऐसे में एक ही दिन हुई इन दोनों घटनाओं ने पूर्वांचल के राजनीतिक समीकरणों और निषाद वोट बैंक को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

Akhilesh Yadav Sanjay Nishad Politics
योगी के गढ़ में अखिलेश की 'गुप्त सियासी पटकथा'! PDA रथ से हुंकार, तिवारी हाता जाने के पीछे का गणित क्या है?

श्रवण निषाद के गढ़ में अखिलेश की सियासी दस्तक

अखिलेश यादव ने बुधवार को चौरीचौरा के देवकही गांव पहुंचकर PDA रथयात्रा और जनसभा के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव का संदेश दिया। एयरपोर्ट से देवकही तक करीब 20 किलोमीटर की यात्रा और शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा के अनावरण के जरिए उन्होंने गोरखपुर में सपा की राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की।

चौरीचौरा विधानसभा सीट से निषाद पार्टी के विधायक श्रवण निषाद प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में अखिलेश की इस क्षेत्र में सक्रियता को निषाद समाज के बीच PDA की राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

निषाद आरक्षण के मुद्दे पर संजय निषाद ने अपनी ही सरकार को घेरा

उधर, महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। वह निषाद समाज को अनुसूचित जाति (SC) में शामिल करने की मांग कर रहे थे।

उन्होंने गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर धरना देते हुए कहा कि जब तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर आश्वासन नहीं दिलाते, तब तक वह धरने से नहीं हटेंगे।

बाद में पंकज चौधरी से बातचीत और मुख्यमंत्री के साथ बैठक कराने के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।

क्या अखिलेश की PDA रथयात्रा से बढ़ा संजय निषाद पर दबाव?

एक ही दिन अखिलेश यादव की चौरीचौरा में जनसभा और संजय निषाद के आंदोलन ने कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि क्या अखिलेश की PDA हुंकार ने संजय निषाद पर अपने समाज के बीच राजनीतिक पकड़ बनाए रखने का दबाव बढ़ाया है?

हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है, लेकिन इनके समय और स्थान ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।

संजय निषाद का यह आंदोलन भाजपा से बगावत का ऐलान नहीं माना जा सकता, लेकिन गठबंधन में रहते हुए अपनी ही सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरना दबाव की राजनीति का संकेत जरूर है।

धरना खत्म करने के बाद संजय निषाद ने कहा, 'बच्चा रोता है तो इसका मतलब यह नहीं कि मां से प्रेम खत्म हो गया।' उनके इस बयान को भाजपा के साथ गठबंधन में रहते हुए अपनी मांग उठाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

2027 में निषाद वोट बैंक पर किसकी नजर?

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पूर्वांचल में निषाद समाज का राजनीतिक महत्व एक बार फिर चर्चा में है। एक तरफ अखिलेश यादव PDA के जरिए इस समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ संजय निषाद आरक्षण की मांग को लेकर अपनी ही सरकार पर दबाव बना रहे हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि भाजपा निषाद समाज को SC में शामिल करने की मांग पर क्या फैसला लेती है और अखिलेश यादव PDA के जरिए इस समाज के बीच कितनी राजनीतिक स्वीकार्यता हासिल कर पाते हैं।

चौरीचौरा की जनसभा और संजय निषाद के आंदोलन ने साफ कर दिया है कि 2027 के चुनाव से पहले पूर्वांचल में निषाद वोट बैंक को लेकर सियासी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।

Akhilesh Yadav Sanjay Nishad Politics
2027 का सियासी संदेश लिए योगी के गढ़ पहुंचे अखिलेश, गोरखपुर में स्पेन-वेनिस के बहाने सरकार को घेरा